
सलामतपुर। सांची जनपद की ग्राम पंचायत मुड़ियाखेड़ा में सांसद खेल महोत्सव के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों, महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में सरपंच सिया बाई, उपसरपंच शफीक खान और सचिव लीला किशन अहिरवार सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे। प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए उपसरपंच शफीक खान ने विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। महिलाओं ने रस्साकसी, कुर्सी दौड़ और नींबू-चम्मच दौड़ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कुर्सी दौड़ में सबीना बी प्रथम और जायदा बी द्वितीय रहीं, जबकि रस्साकसी में सेफ अली प्रथम तथा जुनेद खान द्वितीय रहे। सांसद खेल महोत्सव के तहत विदिशा संसदीय क्षेत्र में टेनिस बॉल क्रिकेट, कबड्डी सहित छह मुख्य और तीन पारंपरिक खेल ग्राम पंचायत से लेकर संसदीय स्तर तक विभिन्न चरणों में दिसंबर तक आयोजित किए जा रहे हैं।
