सिविल इंजीनियर हत्याकांड: डेढ़ सौ फुटेज खंगाले, चार संदेही चिन्हित

जबलपुर: रांझी थाना अंतर्गत बडा पत्थर नरसिंहनगर में गुरूवार सुबह बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक सिविल इंजीनियर के सिर में गोली मारकर सरेराह हत्या कर दी थी। इस अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाने क्राइम ब्रांच के साथ थाना पुलिस छानबीन में जुट गई है । सायबर सेल की भी मदद ली जा रही है। अब तक डेढ़ सौ सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज खंगाले जा चुके है। जिसके जरिए दो बाइकों से आए चार संदेहियों को को चिन्हित कर लिया गया है । फुटेज के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है । हालांकि शूटर अब तक पुलिस गिरफ्त से दूर है। जिनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

विदित हो कि क्लीरेंस एटकिंस 39 वर्ष निवासी बडक़ू का बाड़ा रांझी का सिविल इंजीनियर था। गुरूवार सुबह वे अपने 5 वर्षीय बेटे को स्कूल छोडकर वापस अपनी मोटर सायकिल से आ रहा था सुबह 8-30 बजे जैैसे ही बडा पत्थर नरसिंह नगर में पहुंचा तभी एक मोटर सायकिल पर 2 अज्ञात लोग आये एवं क्लीरेंस एटकिंस की ओर बंदूक तानी और फायर कर दिए। बदमाशों ने बेहद करीब से निशाना साधते हुए फायरिंग की, जिसके कारण गोली सीधे सिर में जा धंसी थी। मेडिकल में इलाज के दौरान दोपहर तीन बजे एटकिंस ने दम तोड़ दिया था।
घर से स्कूल तक रैकी, गलियों से भागे
पुलिस ने सीसीटीव्ही कैमरों को खंगाला। जिसमें पता चला कि आरोपियों से स्कूल से घर तक के रास्ते पर रैकी थी। इसके बाद गोलीकांड को अंजाम देने के बाद गलियों से फरार हो गए। दो बाइकों पर सवार चार लोग चिन्हित किए गए है। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है ।
पार्टनरशिप-केस वापिस लेने बना रहे थे दबाव, मिल रही थी धमकियां-
मृतक का चचेरे भाई रोनाल्डो ने बताया कि भाई ने छत्तीसगढ़ रायपुर में एक प्रॉपर्टी खरीदी थी । जिसमें प्रिंस पार्टनर बनना चाहता था जबकि जमीन भाई ने अपने पैसों से खरीदी थी। प्रिंस लगातार पार्टनरशिप का दबाव बना भाई को परेशान कर रहा था । इसी बीच छिंदवाड़ा निवासी रोहित और भानू ने उसी प्रॉपर्टी पर एग्रीमेंट कर लिया था। रोहित की बहन के नाम रजिस्ट्री भी कराई थी। जिस पर क्लीरेंस ने आपत्ति दर्ज कराई और मामला कोर्ट पहुंचा था। केस वापिस लेने भी भाई पर दबाव बनाया जा रहा था जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।
चार टीमें कर रही जांच
रांझी सीएसपी सतीश साहू ने बताया कि अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए चार टीमें लगी हुई है। टीमें तफ्तीश, पतासाजी, विवेचना कर रही है। प्रारंभिक जांच में प्रॉपर्टी विवाद सामने आया है। संदेहियों को चिन्हित किया जा रहा है। पूछताछ चल रही है। आरोपियों के पकड़े जाने के बाद पूरा मामला साफ हो सकेगा।

Next Post

चार मई को नतीजे आते ही भाजपा नेता बंगाल छोड़ देंगे : ममता

Sat Apr 25 , 2026
जगतबल्लभपुर (पश्चिम बंगाल), (वार्ता) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को दावा किया कि विधानसभा चुनाव के पहले चरण में तृणमूल कांग्रेस का प्रदर्शन शानदार रहा है और पार्टी राज्य की सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि कि चार मई को जैसे ही चुनाव परिणाम आने शुरू […]

You May Like