
छतरपुर। फोरलेन सड़क पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसके परिवार के तीन अन्य सदस्य मामूली रूप से चोटिल हुए हैं। हादसे के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां महिला का ट्रॉमा वार्ड में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार बट्ट सरेड़ी निवासी हरिशंकर राजपूत अपनी पत्नी ज्ञानवती और बेटियों रश्मि व राखी के साथ रगौली गांव से घर लौट रहे थे। इसी दौरान फोरलेन सड़क पर सामने से गलत दिशा में आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ज्ञानवती करीब 10 फीट दूर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद ज्ञानवती की हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाने के कारण हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार बाइक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
