मुंबई, 28 अगस्त (वार्ता) आईटी सेक्टर की कंपनियों में लिवाली से शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों में तेजी रही और प्रमुख सूचकांक दो दिन बाद हरे निशान में बंद हुए।
पिछले दो दिन की गिरावट से उबरता हुआ बीएसई की 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 330.92 अंक (0.43 प्रतिशत) चढ़कर 77,264.51 अंक पर बंद हुआ। यह 194 अंक की बढ़त के साथ 77,128 अंक पर खुला और पूरे दिन हरे निशान में रहा। इस दौरान यह ऊपर 77,357 अंक और नीचे 76,989 अंक तक गया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 84.80 अंक यानी 0.35 प्रतिशत की मजबूती में 24,175.65 अंक पर पहुंच गया।
वृहत बाजार में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.24 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.20 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।
आईटी कंपनियों में जबरदस्त लिवाली देखी गयी। निफ्टी आईटी सूचकांक 3.51 प्रतिशत उछल गया। धातु, फार्मा और स्वास्थ्य सेक्टरों में भी अच्छी तेजी रही। एफएमसीजी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन समूहों में गिरावट रही।
एनएसई में जिन 3,603 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 1,917 के शेयर बढ़त में 1,560 के गिरावट में रहे। अन्य 126 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स में बढ़त में रहने वाली शीर्ष चार कंपनियां आईटी सेक्टर की ही रहीं। टीसीएस का शेयर 4.09 प्रतिशत चढ़ा। इंफोसिस में 3.34 प्रतिशत, टेक महिंद्रा में 3.18 प्रतिशत और एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 2.68 प्रतिशत की तेजी रही।
टाइटन का शेयर 1.17 फीसदी, इटरनल का 1.16, एचडीएफसी बैंक तथा एक्सिस बैंक दोनों के 1.12 और सन फार्मा का शेयर 1.03 प्रतिशत मजबूत हुआ। एनटीपीसी, ट्रेंट, पावरग्रिड और बीईएल के शेयर भी हरे निशान में रहे।
आईसीआईसीआई बैंक का शेयर 1.30 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट का 1.18 प्रतिशत और एशियन पेंट्स का 1.06 प्रतिशत टूट गया। आईटीसी और मारुति सुजुकी में भी गिरावट रही।
वैश्विक स्तर पर जापान का निक्केई 0.41 प्रतिशत और हांगकांग का हैंगसेंग 0.07 प्रतिशत चढ़ा। चीन का शंघाई कंपोजिट 0.11 प्रतिशत टूट गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.49 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.16 प्रतिशत ऊपर था।
