
भोपाल। आज शाम भाजपा की रोशनपुरा चौराहे से शुरू हुई तिरंगा यात्रा एमवीएम चौराहा पर समाप्त हुई, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह समेत हजारों नागरिकों ने भाग लिया। सभी समाजों के धर्मगुरू, सामाजिक व व्यापारिक संगठनों के सदस्य हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों से गूँज उठे। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर सेना और देशवासियों को बधाई दी। भाजपा अध्यक्ष ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की सशक्त कार्रवाई का सम्मान करते हुए सुरक्षा बलों की प्रशंसा की। सोफिया कुरैशी और व्योमिका सिंह के सम्मान में भी यह यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम में कई मंत्री, विधायक, और गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेना ने पाकिस्तान प्रेरित आतंकवाद को पस्त किया है। पहलगाम आतंकी हमले में हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ने वाले आतंकियों को भारत ने अपनी भाषा में जवाब दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार पाक प्रेरित आतंकवाद को जड़-मूल से नष्ट करने को संकल्पित हैं। देश की तीनों सेनाओं ने आतंकवादियों और दुश्मन देश को बताया कि पाक में बैठे आतंक के आका उसकी पहुंच से दूर नहीं हैं।
