
सागर। मोतीनगर थाना अंतर्गत कनेरा देव में निर्माणाधीन पुल का लोहे का जाला गिरने से 3-4 मजदूर दबकर घायल हो गए. जिनमें से एक मजदूर की मौत हो गई है.मालूम हो कि स्मार्ट सिटी द्वारा तिली राजघाट चौराहे से धर्म श्री चौराहा तक सडक़ का चौड़ीकरण एवं कनेरादेव पुल का निर्माण किया जा रहा है. निर्माण के लिए एजेंसी द्वारा पुल को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है. आज गुरुवार की सायंकाल 6 बजे के आसपास लोहा बिछाया जा रहा था जो कि अचानक पुल से नीचे गिर गया जिस पर कार्य कर रहे मजदूर भी नीचे जा गिरे और दब गए. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय उपचार के लिए रवाना किया. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक मजदूर राकेश अहिरवार निवासी राहतगढ़ की पुल से नीचे गिरने के कारण दबकर मौत हो गई है. तो वहीं तीन-चार अन्य मजदूर घायल हैं. जिनको जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है. घटना की जानकारी मिलने पर नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यक और मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत सहित अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए.
