
इटारसी। शहर के हॉकी खिलाड़ियों ने कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाले मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह पर गांधी मैदान पर विरोध प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने विजय शाह के पोस्टर गोल पोस्ट पर लगाए और गेंद से हिट कर विरोध जताया। विरोध प्रदर्शन को रोचक बनाने के लिए एक प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें पोस्टर पर बॉल हिट करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार दिए गए। लगभग सौ जूनियर और सीनियर खिलाड़ी इस कार्यक्रम में शामिल हुए, जिनमें विभिन्न धर्मों के खिलाड़ी शामिल थे। खिलाड़ियों ने कहा कि मंत्री की ऐसी टिप्पणी गलत और अस्वीकार्य है। सीनियर खिलाड़ी कन्हैया गुरयानी और पूर्व सैनिक अल्वर्ट खान ने भी मंत्री की आलोचना करते हुए कहा कि ऐसे बयानशैली से नेता की छवि खराब होती है और सैनिक महिलाओं का सम्मान करना आवश्यक है। इस अनूठे विरोध प्रदर्शन के दौरान खिलाड़ियों को पुरस्कार और केले भी वितरित किए गए।
सभी धर्म के हैं प्लेयर्स
शहर के हॉकी स्टेडियम में आज करीब एक सैंकड़ा जूनियर और सीनियर हॉकी खिलाड़ी एकत्र हुए थे। कर्नल सोफिया कुरैशी पर मंत्री विजय शाह की टिप्पणी से सभी आहत थे। हमेशा खेल भावना का प्रदर्शन करने वाले हॉकी खिलाडिय़ों में कभी धर्म की दीवार आड़े नहीं आयी, बल्कि गांधी मैदान पर लगभग सारा भारत रहता है। यहां हिन्दू-मुस्लिम, सिख और ईसाई प्लेयर्स हैं। और यह लगभग समान संख्या में हैं। इटारसी को हॉकी की नर्सरी कहा जाता है। यहां सभी एकदूसरे का सम्मान करते हैं, ऐसे खिलाडिय़ों को कर्नल सोफिया कुरैशी पर मंत्री की टिप्पणी बेहद बुरी लगी और उन्होंने कहा कि ऐसे तो मंत्री को हिट नहीं कर सकते, उनके पोस्टर को हिट करके तो अपना विरोध प्रदर्शन कर ही सकते हैं।
