
भोपाल। सीएम डॉ. मोहन यादव ने आज कहा कि उनकी सरकार ने न्यायालय के आदेशों का पूरी तरह पालन किया है, और आगे भी न्यायालय के निर्देशों का पालन करेगी। मंत्री विजय शाह के इस्तीफे से सम्बंधित सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस्तीफा मांगने का कोई नैतिक अधिकार नहीं”कांग्रेस पहले अपने नेता सिद्धारमैया से इस्तीफा मांगे। सीएम भाजपा की तिरंगा यात्रा में शामिल होते समय पत्रकारों द्वारा पूछे सवालों का जबाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कांग्रेस खुद भ्रष्टाचार से घिरी है, उसके मंत्रियों पर मुकदमे चल रहे हैं, फिर भी वह दूसरों पर सवाल उठा रही है। कांग्रेस ने चुनावों में अरविंद केजरीवाल का साथ दिया, जो मुख्यमंत्री होते हुए जेल गए थे। कांग्रेस ने जिस स्तर की बेशर्मी दिखाई है, उसके बाद उसे बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं बचा है। हमारी सरकार संविधान और कानून के अनुसार काम कर रही है, और न्यायपालिका को सर्वोच्च मानती है। सीएम ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और दोहरे मापदंड का भी आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार संविधान और कानून के अनुसार कार्य कर रही है और न्यायपालिका को सर्वोच्च मानती है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की सरकार पारदर्शिता और सुशासन के सिद्धांतों पर चल रही है।
