
शाजापुर, जिलेभर में भाई बहन के पवित्र रिश्ते का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. बहनों ने भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधे तथा आरती उतारी तथा मुंह मीठा करवाया. वहीं भाईयों ने अपनी बहनों को उपहार दिए तथा हमेशा की तरह जीवन भर सुरक्षा का वचन दिया.
शुक्रवार को पर्व के दिन सुबह से ही बाजार में चहल-पहल देखने को मिली, शहर के नई सडक़, सराफा बाजार, सोमवारिया बाजार, बस स्टैंड सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर राखी की दुकानों पर भीड़ रही. बाजार में रंग-बिरंगी और आकर्षक डिजाइनों की राखियों के साथ ही पारंपरिक राखियों की खूब बिक्री हुई. इस पर्व पर मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकी जोरदार रही. वहीं अन्य उपहारों की खरीदारी भी हुई. दुकानों को पर्व को लेकर सजाया गया था. वहीं कपड़ों और अन्य उपहारों की दुकानों पर लोगों की चहल-पहल रही.
जेल पहुंचकर बहनों ने सजाई भाई की कलाई
जिला जेल में भी शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में बहनें अपने भाइयों को राखी बांधने पहुंचीं. मुलाकात के दौरान बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी. लंबे समय बाद मिले परिजनों ने एक-दूसरे का हाल जाना. रक्षाबंधन पर जेल प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे. बहनों को पूरी सुरक्षा जांच के बाद ही जेल परिसर में प्रवेश दिया गया. महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं की तलाशी ली, जबकि बंदियों की भी जांच की गई. जेल अधीक्षक दुष्यंत कुमार पगारे ने बताया कि राज्य शासन और जेल मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार रक्षाबंधन पर बंदियों की बहनों को खुली मुलाकात की अनुमति दी गई थी.
