
जबलपुर। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने सिहोरा भ्रमण के दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के अंतर्गत मतदाताओं के सत्यापन और गणना फार्मों के डिजिटाइजेशन के कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सिहोरा में एसआईआर अंतर्गत डिजिटाइजेशन के कार्य में कम प्रगति लाने वाले बीएलओ से चर्चा कर कहा कि इसे प्राथमिकता में लेते हुए शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन करें। कलेक्टर श्री सिंह ने सिहोरा के गढ़ियापुरा क्षेत्र में पहुंचकर भी बीएलओ व डिजिटाइजेशन कार्य में लगे कर्मचारियों से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटाइजेशन का कार्य दो दिन में पूर्ण कर लें। साथ ही क्षेत्र के मतदाताओं से भी चर्चा कर कहा कि वे एसआईआर अंतर्गत डिजिटाइजेशन करायें जहां समझ में नही आता है वहां संबंधित बीएलओ से बात भी करें। सिहोरा से वापस आने के बाद केंट विधानसभा अंतर्गत सदर क्षेत्र में पहुंचकर भी उन्होंने एसआईआर अंतर्गत डिजिटाइजेशन के कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा प्रगति लाने के लिए आवश्यक निर्देश दिये। इस दौरान संबंधित क्षेत्र के एसडीएम व अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद थे।
