
शाजापुर, 17 अक्टूबर. प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस बीकेएसएन गवर्नमेंट कॉलेज शाजापुर में गत दिवस संभागस्तरीय बास्केटबॉल पुरुष प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में उज्जैन को हराकर मंदसौर ने खिताब अपने नाम कर लिया.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नगर महामंत्री विकास सिंदल, भाजपा नगर महामंत्री गोविंद नायक एवं पूर्व पार्षद राजेश पारछे उपस्थित रहे. अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. मीनू गिडवानी ने की. इस दौरान मंच पर पूर्व जनभागीदारी अध्यक्ष मनीष सक्सेना, बास्केटबॉल कोच प्रवीण दीक्षित, कौच रैफरी विजय ठाकुर उपस्थित रहे. कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्जवलित कर किया गया. उक्त प्रतियोगिता में उज्जैन संभाग की टीम रतलाम, मंदसौर, नीमच, आगर-मालवा, शाजापुर एवं उज्जैन ने भाग लिया. प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर
प्राचार्य प्रो. मीनू गिडवानी ने आमंत्रित अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं पौधा भेंट किया. प्रतियोगिता की रूप रेखा महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी सोनू मालवीय ने प्रस्तुत की. अतिथियों द्वारा महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य स्व. डॉ. एसके तिवारी की स्मृति में नवीन वाटिका में एक आम का पौधा रोपित किया गया. क्रीडा अधिकारी सोनू मालवीय ने बताया कि संभाग स्तरीय बास्केटबॉल पुरुष प्रतियोगिता में मंदसौर विजेता व उज्जैन टीम उप विजेता रही. समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी रविन्द्र हार्डिया, सेवानिवृत्त उपसंचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग बाबूलाल चोरगले एवं प्राचार्य प्रो. मीनू गिडवानी उपस्थित रहे. इस दौरान विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर शुभकामनाएं दी. संचालन डॉ. शिवराजसिंह राठौर ने किया. आभार सोनू मालवीय ने माना. इस दौरान जिले से आए विभिन्न महाविद्यालयों के टीम मैनेजर, डॉ. दिनेश निंगवाल, डॉ. आरसी चौहान, डॉ. अरुण कुमार बोडाने सहित महाविद्यालय का स्टाफ एवं कर्मचारी मौजूद रहे.
