चुरहट रेलवे स्टेशन पहुंची मेमो ट्रेन, नियमित रेल सेवा शुरू होने की जगी उम्मीद


सीधी 17 अक्टूबर। छु.. छु. कर चुरहट रेलवे स्टेशन में आज मेमो ट्रेन पहुंची। ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना अंतर्गत बनी रेल लाइन में चुरहट रेलवे स्टेशन तक मेमो ट्रेन के सफल परिचालन ट्रायल से नियमित ट्रेन की उम्मीद जगी है।
ललितपुर-सिंगरौली नवीन रेलवे लाइन में आज सीधी जिले के चुरहट तक मेमो ट्रेन के दौडऩे का ट्रायल सफल रहा। रेलवे विभाग द्वारा चुरहट तक मेमो ट्रेन के नियमित संचालन की दिशा में आज महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। स्पेशल मेमो ट्रेन का ट्रायल रीवा की ओर से सीधी जिले के चुरहट रेलवे स्टेशन तक आने का पूरी तरह सफल रहा। मेमो ट्रेन सुबह 11:15 बजे छुक-छुक करते हुए पहुंची। इस दौरान ट्रेन में करीब आधा सैकड़ा रेलवे कर्मचारी भी ट्रायल की मंशा से पहुंचे थे। ट्रायल पूरा होने के बाद मेमो ट्रेन सुबह 11:55 बजे चुरहट से रवाना हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 अक्टूबर से सतना और रीवा के रास्ते चुरहट तक मेमो ट्रेन का दैनिक संचालन प्रस्तावित है। हालांकि मेमो ट्रेन के नियमित संचालन की समय सारिणी अभी विभाग की ओर से निश्चित नहीं की गई है। ऐसे में यात्रियों को आने-जाने के निर्धारित समय की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। मेमो ट्रेन के नियमित संचालन शुरू होने से चुरहट और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सतना और रीवा की ओर आने-जाने में निश्चित ही बड़ी सुविधा मिलेगी। खासतौर से नौकरी पेशा लोगों, विद्यार्थियों और रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा। फिलहाल मेमो ट्रेन के ट्रायल सफल होने के बाद अब यात्रियों की नजरें 24 अक्टूबर 2026 से प्रस्तावित नियमित संचालन और रेलवे विभाग द्वारा जारी की जाने वाली समय सारिणी पर टिकी है। समय सारिणी घोषित होने के बाद ही मेमो ट्रेन के निर्धारित आगमन और प्रस्थान के समय की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
००
24 से चुरहट से देवेन्द्रनगर तक नियमित चलेगी मेमो ट्रेन: डॉ.राजेश
लोकसभा क्षेत्र सीधी के सांसद डॉ.राजेश मिश्रा ने चर्चा के दौरान बताया कि चुरहट से देवेन्द्रनगर तक नियमित मेमो ट्रेन का संचालन 24 अक्टूबर 2026 से शुरू हो जायेगा। समयसारिणी भी जल्द जारी कर दी जायेगी। पूर्व में ट्रेन का सुरक्षा ट्रायल हो चुका है। आज मेमो ट्रेन का नियमित संचालन के पूर्व परिचालन ट्रायल था। 24 अक्टूबर 2026 को चुरहट में मेमो ट्रेन के नियमित संचालन का कार्यकम होगा। चलने वाली मेमो ट्रेन का हर स्टेशन में ठहराव रहेगा।
००
रेल मंत्री मेमो ट्रेन को दिखायेंगे हरी झंडी
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मेमो ट्रेन संचालन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह अवश्य निश्चित नहीं है कि रेल मंत्री वर्चुअल हरी झंडी दिखायेंगे अथवा यहां आएंगेे। बताया जा रहा है कि सीधी सांसद डॉ.राजेश मिश्रा, सतना सांसद गणेश सिंह, खजुराहो सांसद बीडी शर्मा द्वारा रेल मंत्री को मौके पर आकर हरी झंडी दिखाने पर जोर दिया जा रहा है। मेमो ट्रेन के आज हुए ट्रायल की खास बात यह है कि यह दोनो रेल खंडों के स्टेशन जो कि चार जिलों में आते हैं वहां सफल माना गया। सतना जिले में करही, बरेठिया और नागौद, पन्ना जिले में फुलवारी और देवेन्द्र नगर, रीवा जिले में सिलपरा, गोविंदगढ़ और बांसा स्टेशन तथा सीधी जिले में बघवार, रघुनाथपुर, रामपुर नैकिन और चुरहट स्टेशन आते हैं। उक्त सभी रेलवे स्टेशनों में मेमो ट्रेन ट्रायल के लिए पहुंची। इस प्रकार नए रेल खंडों से चार जिले रेल नेटवर्क से जुड़ जायेंगे।
००
कांग्रेस के शासन काल में दाऊ ने रखी थी नींव:अजय सिंह
पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल ने कहा कि ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना की नीव रखने और आकार देने का इसके शुरुआती चरण में दाऊ कुंवर अर्जुन सिंह का योगदान बेहद ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण माना जाता है। कांग्रेस शासनकाल के दौरान विंध्य के पिछड़े क्षेत्र को रेल नेटवर्क से जोडऩे के लिए जमीनी स्तर पर प्रयास किए थे। आज देर से ही सही योजना मूर्त रुप ले रही है। खुशी की बात है कि चुरहट तक रेल सेवा शुरु होने से क्षेत्रवासियों के लिए आवागमन सुगम होगा।

.....

Next Post

मप्र में निवेश हर दृष्टि से आपको लाभ देगा: सीएम डॉ. यादव

Sat Oct 17 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आंध्र प्रदेश में निवेशकों से मध्यप्रदेश में उद्योग स्थापना का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा मध्यप्रदेश सरकार की औद्योगिक विकास की प्रोत्साहनकारी नीतियों के कारण निवेशकों द्वारा किए गए निवेश पर उन्हें हर स्थिति में लाभ होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार […]

You May Like

Play sound