नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन को आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 16 अगस्त 2026 को राजस्थान के अलवर स्थित विजयनगर ग्राउंड में अलवर सरस डेयरी परिसर में नवीन डेयरी संयंत्र का शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर वे विभिन्न दुग्ध संघों के डेयरी प्रोसेसिंग प्लांट और कैटल फीड प्लांट का ई-लोकार्पण भी करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह नए केन्द्रीय सहकारी बैंकों के गठन की घोषणा करेंगे। साथ ही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को रिमोट के माध्यम से प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के जरिए राशि हस्तांतरित की जाएगी। इनमें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी शामिल होंगे।
समारोह में राजस्थान के 17 जिलों में ₹6,262 करोड़ की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का ई-शिलान्यास और ई-लोकार्पण किया जाएगा। इसके अलावा रोजगार उत्सव के तहत 10,548 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।
अलवर सरस डेयरी परिसर में नवीन डेयरी संयंत्र की स्थापना और विभिन्न डेयरी प्रोसेसिंग एवं कैटल फीड प्लांट का लोकार्पण राजस्थान में डेयरी सहकारी क्षेत्र की प्रसंस्करण और उत्पादन क्षमता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे आधुनिक डेयरी अवसंरचना को बढ़ावा मिलेगा, दुग्ध उत्पादकों के लिए बेहतर अवसर सृजित होंगे और सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के मंत्र के अनुरूप सहकारी संस्थाओं को आधुनिक, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने तथा किसानों और दुग्ध उत्पादकों को सहकारिता के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त करने की सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।
