आइची-नागोया (जापान) 01 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय पहलवान नितेश ने गुरुवार को एशियाई खेल 2026 की पुरुषों के ग्रीको-रोमन 97 किग्रा भार वर्ग की कुश्ती स्पर्धा में तुर्कमेनिस्तान के अमनबर्डी आगामम्मेदोव को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। वहीं महिला पहलवान मानसी अहलावत ने कजाकिस्तान की इरिना कुजनेत्सोवा को हराकर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया।
आज यहां नितेश ने पुरुषों के ग्रीको-रोमन 97 किलोग्राम क्वार्टरफाइनल में तुर्कमेनिस्तान के अमनबर्डी आगामम्मेदोव को आसानी से हरा दिया, पहले पीरियड में 7-0 की बढ़त हासिल की और फिर 7-1 से जीत दर्ज करते हुए अंकों के आधार पर मैच जीत लिया।
अब नितेश सेमीफाइनल में हांगझोऊ एशियाई कांस्य पदक विजेता मंगोलिया के गंखुयाग गनबातर या दक्षिण कोरिया के ली मिन-हो में से किसी एक का सामना करेंगे।
एक अन्य मुकाबले में भारतीय पहलवान अमन पुरुषों के ग्रीको-रोमन 77 किग्रा क्यूएफ में कतर के शाहीन बडाघिमोफ्राड से हार गये। कतर के मौजूदा एशियाई चैंपियन शाहिन बदाघिमोफ्राद ने दबदबे के साथ शुरुआत की और पहले ही मिनट में अमन को दो बार सर्कल के बाहर भेजकर 2-0 की बढ़त हासिल कर ली। शाहिन ने आसानी से अमन को बार-बार पटका और तकनीकी श्रेष्ठता के बल पर जीत हासिल कर ली।
अगर शाहिन फाइनल में पहुँचते हैं, जिसकी संभावना काफी अधिक है, तो अमन रिपेचेज राउंड में चले जाएंगे।
इससे पहले दिन के एक अन्य मुकाबले में भारतीय पहलवान मानसी अहलावत ने 62किग्रा भार वर्ग की कुश्ती स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली हैं।
भारत की मानसी अहलावत ने कजाकिस्तान की इरिना कुजनेत्सोवा को 6-1 से हराकर महिलाओं के 62किग्रा के क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई।
अबा क्वार्टरफाइनल में मानसी का मुकाबला दक्षिण कोरिया की जो सुबीन से होगा।
