
इंदौर. तलवार लहराकर इलाके में दहशत फैलाने वाले बदमाशों की आखिरकार हेकड़ी निकल गई. जिन गलियों में घूम-घूमकर लोगों को डराया करते थे, वहीं अब पुलिस की पकड़ में ठीक से चल पाना भी इनके लिए मुश्किल हो गया.
हीरानगर थाना क्षेत्र में मारपीट और खुलेआम तलवार लहराकर वीडियो वायरल करने वाले बदमाश सूरज तिवारी और उसके साथी तरुण शर्मा को पुलिस ने दबोच लिया है. गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में दोनों आरोपी भागते समय गिर पड़े, जिससे उनके पैरों में गंभीर चोट आ गई. पुलिस ने बदमाशों को उसी इलाके में घुमाया, जहां वे पहले उत्पात मचाकर आम लोगों में दहशत फैलाते थे. अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में सनसनी फैल गई, वहीं स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली. पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो डालकर डर फैलाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.
