रीवा: यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा वित्तीय साक्षरता एवं सुरक्षित बैंकिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. जागरूकता वैन को क्षेत्र प्रमुख अजय खरे एवं उप क्षेत्र प्रमुख मोहम्मद इब्राहीम द्वारा संयुक्त रूप से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया. यह वैन आम नागरिकों को केवायसी सुरक्षित बैंकिंग की ओर पहला कदम, डिजिटल बैंकिंग, धोखाधड़ी से बचाव, सरकारी योजनाओं एवं वित्तीय अनुशासन के प्रति जागरूक करेगी.
इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक, जगमोहन सहित क्षेत्रीय कार्यालय अधिकारी एवं स्टाफ के सदस्य उपस्थित रहे. जागरूकता वैन द्वारा शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को सरल एवं व्यावहारिक माध्यम से वित्तीय जानकारी प्रदान की जायेगी. यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा संचालित यह पहल भारतीय रिज़र्व बैंक के मार्गदर्शन में आयोजित वित्तीय साक्षरता सप्ताह के उद्देश्यों के अनुरूप है, जिसका मुख्य लक्ष्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक सुरक्षित, समावेशी एवं जागरूक बैंकिंग सेवाओं की जानकारी पहुँचाना है.
