जी 7 देशों के आउटरीच सत्र से पहले ट्रंप सहित अनेक नेताओं से मिले मोदी

नयी दिल्ली, 16 जून (वार्ता) फ्रांसिसी शहर एवियन में जी-7 देशों के 52 वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आउटरीच सत्र शुरू होने से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सहित अनेक सदस्य देशों के नेताओं के साथ संक्षिप्त मुलाकात की। आयोजन स्थल पहुंचने पर मेजबान देश फ्रांस के राष्ट्रपति इनैमुअल मैक्रों ने श्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया।

श्री मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने बैठक से पहले जी-7 नेताओं के साथ दृष्टिकोण साझा किये। उन्होंने इन क्षणों की तस्वीर भी साझा की।

प्रधानमंत्री ने लिखा ,” आज दोपहर एवियन में जी- 7 शिखर सम्मेलन की कार्यवाही शुरू होने से पहले जी -7 नेताओं के साथ दृष्टिकोण साझा करना हमेशा ज्ञानवर्धक होता है।”

श्री मोदी ने श्री ट्रंप से भी मुलाकात की और दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। दोनों के बीच यह मुलाकात 16 महीने बाद हुई है। इससे पहले दोनों नेता पिछले वर्ष अमेरिका में मिले थे।

इससे पहले विदेश मंत्रालय ने श्री मैक्रों द्वारा श्री मोदी का स्वागत किये जाने का फोटो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि ये नेता दुनिया की भलाई के लिए एक मंच पर एकत्र हुुए हैं। मंत्रालय ने लिखा ,” दुनिया की भलाई के लिए साथ आना। राष्ट्रपति मैक्रों ने एवियन में जी 7 समिट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत किया। कुछ दिन पहले नीस में हुई सार्थक द्विपक्षीय बातचीत को आगे बढ़ाते हुए, दोनों नेता अब बहुपक्षीय स्तर पर अपनी बातचीत को आगे बढ़ा रहे हैं। दोनों नेताओं ने फिर से कहा कि भारत-फ्रांस की साझेदारी वैश्विक चुनौतियों का सामना करने और एक ज़्यादा समृद्ध, टिकाऊ और समावेशी भविष्य बनाने की दिशा में मिलकर काम कर रही है।”

 

 

 

Next Post

मेरे बयान पर विपक्ष के लोग खुद नहीं बोल रहे है, बल्कि ऊपर से बुलवाये जा रहे हैं: गहलोत

Tue Jun 16 , 2026
जयपुर, 16 जून (वार्ता) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि उनके बयान ‘इंदिरा गांधी जैसी नेता आज होतीं तो जनप्रतिनिधित्व अधिनियम (आरपीए) के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर प्रतिबंध लगा देती। श्री गहलोत ने मंगलवार को यहां मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने […]

You May Like