सतना : शातिर ठग ने फर्जी तरीके से बैंक खोलकर 7-9 प्रतिशत की मोटी ब्याज दर का लालच देते हुए सैकड़ों लोगों से लगभग 60 लाख रु की धोखाधड़ी कर डाली. कार्यालय पर ताला लटका देख जब लोगों ने फोन पर संपर्क किया तो कोई जवाब नहीं मिला. वहीं जब लोगों ने अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत की तो सक्रिय हुई पुलिस ने आरोपी संचालक को छतरपुर से गिरफ्तार कर लिया.
कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी से प्राप्त जानकारी के अनुसार धोखाधड़ी का शिकार हुए कुछ लोगों द्वारा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत की गई. शिकायत लेकर पहुंचे लोगों ने पुलिस को बताया कि राजेंद्र नगर कोठी कंपाउण्ड के निकट फिनसाल स्टार निधि लिमिटेड नामक कंपी का कार्यालय खुला हुआ था. इस कथित कंपनी का संचालक हरशिंकर शुक्ला पिता नाथूराम निवासी हनुमान टोरिया के पीछे बकायन गली क्र. 2 छतरपुर द्वारा लोगों को यह कहकर बरगलाया कि उसके बैंक में 7 से लेकर 9 प्रतिशत का ब्याज दिया जाएगा.
कम अवधि में अधिक ब्याज का लालच देकर उसने लोगों को अधिक से अधिक पैसा जमा कराने के लिए कहा. साथ ही इस बात की गारंटी भी दी गई कि अवधि पूर्ण होने पर ब्याज सहित साराग भुगतान निश्चत तौर पर दिया जाएगा. जिसे देखते हुए लोगों ने उक्त फर्ती तरीके से खुले बैंक में अपने-अपने पैसे जमा कराने शुरु कर दिए. देखते ही देखते सैकड़ों लोगों द्वारा लगभग 60 लाख रु से अधिक की रकम वहां पर जमा करा दी गई.
पैसा वापस मांगने पर कलई खुली
अपनी गाढ़ी कमाई का हिस्सा जमा करने के बाद लोग कम अवधि में उच्च ब्याज दर मिलने का बेसब्र्री से इंतजार करने लगे. जैसे ही अवधि पूरी हुई वैसे ही लोग कार्यालय पहुंच गए. लेकिन जब लोगों ने अपने पैसे की मांग की तो संचालक हरवंश ने गोल-मोल जवाब देना शुरु कर दिया. इतना ही नहीं बल्कि जब पैसा वापस मांगने को लेकर लोगों का दबाच बढऩा शुरु हुआ तो कार्यालय को बंद कर हरवंश नदारद हो गया. इसके साथ ही उसने लोगों का फोन उठाना भी बंद कर दिया. जिसे देखते हुए मामले की शिकायत कोतवाली थाने पहुंच गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सरगर्मी से आरोपी की तलाश शुरु कर दी. वहीं सटीक जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने आरोपी हरवंश को छतरपुर से दबोच लिया
