कुकरू पहुंचे सीएम डॉ यादव: सनसेट प्वाइंट पर सेल्फी, रात्रि चौपाल में जमीन पर बैठकर खाया ज्वार-बाजरे का भोजन

बैतूल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को बैतूल जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकरू का दौरा किया और यहां रात्रि विश्राम किया। सतपुड़ा की सुंदर वादियों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और ग्रामीण जीवन को करीब से समझने का प्रयास किया।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सबसे पहले कुकरू के सनसेट प्वाइंट पहुंचे, जहां उन्होंने प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया और यादगार पल को कैमरे में कैद करने के लिए सेल्फी भी ली। शाम होते ही गांव में रात्रि चौपाल आयोजित की गई। मुख्यमंत्री ग्रामीणों के बीच बैठे और पानी, सड़क, स्कूल, रोजगार तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की।

ग्रामीणों ने अपनी मांगें और परेशानियां खुलकर रखीं, जिस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

चौपाल के दौरान एक महिला ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने आत्मीयता के साथ उसका अभिवादन स्वीकार किया, जिससे वहां मौजूद लोगों में उत्साह दिखाई दिया।

इसके बाद मुख्यमंत्री एक आदिवासी परिवार के घर पहुंचे, जहां उन्होंने जमीन पर बैठकर पारंपरिक भोजन किया। भोजन में ज्वार-बाजरे की रोटी, कुटकी का चावल, कोयलारी की भाजी, गिलकी और भिंडी की सब्जी जैसे स्थानीय व्यंजन शामिल थे। मुख्यमंत्री ने स्थानीय खान-पान की सराहना करते हुए मावा का स्वाद भी चखा।

मुख्यमंत्री का यह दौरा केवल प्रशासनिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ग्रामीणों और आदिवासी समाज से जुड़ाव तथा स्थानीय संस्कृति के सम्मान का संदेश देने वाला रहा।

Next Post

अमेरिका ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य में ईरान के 10 सैन्य ठिकानों पर किया हमला: सेंटकॉम

Sun Jun 28 , 2026
मॉस्को, 28 जून (स्पूतनिक/वार्ता) अमेरिका की सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम ) ने कहा कि अमेरिका की सेना ने शनिवार रात होर्मुज़ जलडमरूमध्य और उसके आस-पास ईरान के 10 सैन्य ठिकानों पर हमला किया। यह कार्रवाई एक वाणिज्यिक जहाज़ पर ईरान के कथित हमले के जवाब में की गई। कमांड ने ‘एक्स’ […]

You May Like