भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पालपुर कूनो राष्ट्रीय उद्यान का चीता प्रोजेक्ट लगातार सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि बोत्सवाना से लाए गए 8 चीतों में से दो मादा चीतों को क्वारंटीन और अनुकूलन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब कूनो के जंगलों में स्वतंत्र विचरण के लिए छोड़ दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से कहा कि यह कदम वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता के क्षेत्र में मध्यप्रदेश की बड़ी उपलब्धि है।
कूनो राष्ट्रीय उद्यान देश ही नहीं बल्कि दुनिया के महत्वपूर्ण चीता संरक्षण केंद्रों में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने वन विभाग, विशेषज्ञों और चीता प्रोजेक्ट से जुड़े सभी अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि लगातार निगरानी और वैज्ञानिक प्रबंधन के कारण चीतों का स्वास्थ्य बेहतर बना हुआ है।डॉ. यादव ने कहा कि चीता प्रोजेक्ट से प्रदेश में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उल्लेखनीय है कि अफ्रीकी चीतों को भारत में बसाने की महत्वाकांक्षी योजना के तहत कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चरणबद्ध तरीके से चीतों को छोड़ा जा रहा है। अब दो और मादा चीतों के जंगल में पहुंचने से परियोजना को नई मजबूती मिली है।
