सतना : सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत धवारी-महादेवा रोड पर पेट्रोल पंप के निकट मंगलवार की शाम उस वक्त दहशत फैल गई जब दो दर्जन हथियारबंद लोगों ने एक दुकान पर हमला बोल दिया. इस घटना के चलते जहां एक व्यक्ति की जांघ में गोली लग गई वहीं तलवार, रॉड और हाकी के हमले से दूसरा व्यक्ति गंभीर तौर पर घायल हो गया. पुलिस टीम द्वारा ताबड़तोड़ दबिश देते हुए हमलावरों को दबोचने का प्रयास किया जा रहा है.प्राप्त जानकारी के अनुसार धवारी-महादेवा रोड पर पेट्रोल पंप के आगे एक वैवाहिक पैलेस के निकट कैलाश पयासी द्वारा किराना दुकान संचालित की जाती है.
हर रोज की तरह मंगलवार की शाम को भी वे अपनी दुकान पर मौजूद थे. वहीं कुछ दूरी पर प्रेम ठाकुर और प्रशांत चौधरी निवासी लोहरौरा चाय पीने के लि रुके थे. बताया गया कि इसी दौरान शुभम पाण्डेय और दीपू उर्मलिया सहित दो दजगर््न हथियारबंद लोग किराना दुकान पर पहुंच गए. देखते ही देखते दुकान संचालक को निशाना बनाते हुए एक के बाद एक कुल 4 फायर किए गए. लेकिन दुकान संचालक द्वारा समय रहते दुकान का शटर गिरा दिए जाने के कारण 3 गोलियां दुकान की शटर में जा लगीं. जबकि एक गोली वहां पर बैठे प्रेम ठाकुर की जांघ को छेदते हुए निकल गई.
इतना ही नहीं बल्कि हथियारबंद लोगों ने वहां पर बैठे प्रशांत चौधरी पर तलवार, हाकी और रॉड से हमला कर दिया. जिसके चलते प्रशांत भी बुरी तरह घायल हो गया. गोली मारने और तलवार, राड व हाकी से हमला करने के बाद बदमाशों ने मोहल्ले में भी दहशत फैलाने की कोशिश की. जिसके बाद वे सभी हथियार लहराते हुए वहां से भाग निकले. उनके जाने के बाद स्थानीय लोगों द्वारा हिम्मत जुटाते हुए दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया. घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरु की तो वहां पर गोली के दो खोखे पड़े मिले. जिसे देखते हुए सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से पूछताछ करते हुए हमलावरों के बारे में जानकारी जुटाई.
एसपी ने बनाई 3 टीमें
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता द्वारा पुलिस की 3 टीम गठित करते हुए कार्रवाई संबंधी निर्देश दे दिए गए. जिसके चलते पुलिस द्वारा दो नामजद और उनके साथियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरु कर दी गई. पुलिस की टीम द्वारा आरोपियों के सभी संभावित ठिकानों पर ताबड़तोछ छापेमारी करते हुए उन्हें दबोचने का प्रयास किया जा रहा है.
उधारी को लकर हुआ विवाद
इस मामले में जो जानकारी निकलकर सामने आई उसके अनुसार शुभम पाण्डेय और दीपू उर्मलिया सोमवार को कैलाश की दुकान पर पहुंचे और उधारी में सामान मांगा. जिसके बारे में मना करने पर विवाद शुरु हो गया. जिससे खार खाए दोनों लोग अपने साथियों को लेकर दुकान पर आ धमके और सरेशाम फायर करने के साथ ही तलवार, रॉड और हाकी से हमला कर दिया. गनीमत यह रही कि शटर बंद कर छिप जाने के चलते दुकान संचालक बाल बाल बच गए.
