अमेरिका ने ईरानी जहाज के चालक दल के 22 सदस्यों को पाकिस्तान को सौंपा

इस्लामाबाद, 04 मई (वार्ता) पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि अमेरिका ने एक ईरानी कंटेनर जहाज पर पकड़े गए चालक दल के 22 सदस्यों को सुरक्षित पाकिस्तान पहुँचा दिया है, जिन्हें आज ही ईरानी अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा। पाकिस्तान ने चालक दल की इस वापसी को तनाव कम करने की दिशा में अमेरिका द्वारा उठाया गया एक ‘विश्वास बढ़ाने वाला कदम’ बताया है।
ईरानी ध्वज वाला जहाज ‘एम/वी टूसका’, जो इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान शिपिंग लाइन्स (आईआरआईएसएल) का हिस्सा है, पिछले महीने ओमान की खाड़ी में अमेरिकी सेना द्वारा जब्त कर लिया गया था।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, इस जहाज ने बार-बार दी गई चेतावनियों के बावजूद नौसैनिक नाकाबंदी को तोड़ने की कोशिश की थी। अमेरिकी सेना ने जहाज के इंजन रूम पर फायरिंग भी की थी। ईरान ने अमेरिका की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की थी और इसे ‘समुद्री डकैती’ करार दिया था।
पाकिस्तान के मुताबिक, चालक दल के सदस्यों को रविवार रात उसकी हिरासत में सौंपा गया था और सोमवार को उन्हें ईरान भेज दिया जाएगा। मंत्रालय ने यह भी कहा कि मरम्मत के बाद जहाज को उसके असली मालिकों को लौटा दिया जाएगा। सीएनएन ने पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के हवाले से कहा कि इन सदस्यों की वापसी ईरानी और अमेरिकी पक्षों के समर्थन से मिलकर की जा रही है। पाकिस्तान ने ऐसे सकारात्मक कदमों का स्वागत करते हुए कहा कि वह क्षेत्रीय शांति के लिए मध्यस्थता के प्रयासों को जारी रखेगा और बातचीत तथा कूटनीति को बढ़ावा देता रहेगा।

.....

Next Post

प्राइम वीडियो पर छह मई से होगी लव इंश्योरेंस कंपनी की एक्सक्लूसिव ग्लोबल स्ट्रीमिंग

Mon May 4 , 2026
मुंबई, 04 मई (वार्ता) प्राइम वीडियो पर छह मई से फिल्म लव इंश्योरेंस कंपनी की एक्सक्लूसिव ग्लोबल स्ट्रीमिंग होगी। इस फिल्म को विग्नेश शिवन ने डायरेक्ट किया है, जबकि इसका म्यूजिक अनिरुद्ध ने दिया है। फिल्म में प्रदीप रंगनाथन, एसजे सूर्या, कृति शेट्टी, सीमान, योगी बाबू और गौरी किशन अहम […]

You May Like