
रीवा, रीवा एयरपोर्ट से 9 अगस्त को विंध्य अंचल के लिए बड़ी सौगात मिलने जा रही है। इस दिन रीवा से भोपाल और रीवा से कोलकाता के लिए नई हवाई सेवाएं शुरू होंगी.
शुक्रवार को उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल रीवा एयरपोर्ट पहुंचे। उन्होंने नई हवाई सेवाओं की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नई उड़ानों के शुभारंभ को यादगार बनाने के लिए रीवा से भोपाल और कोलकाता जाने वाले यात्रियों को समारोहपूर्वक विदाई दी जाएगी। वहीं भोपाल से रीवा आने वाले यात्रियों के स्वागत के भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि 9 अगस्त का दिन ऐतिहासिक है। भोपाल और कोलकाता के लिए हवाई सेवा शुरू होने से रीवा अब देश के प्रमुख शहरों से सीधे हवाई मार्ग से जुड़ जाएगा। इससे विंध्य क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
