नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली का कश्मीरी गेट इलाका मंगलवार देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। साबरमती जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम के सदस्य वकील दीपक खत्री अपने साथियों के साथ कार से जा रहे थे, तभी मरघट वाले हनुमान मंदिर के पास बाइक सवार तीन हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने चलती कार पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिससे कार का पिछला शीशा चकनाचूर हो गया। जान बचाने के लिए ड्राइवर ने कार को तेजी से भगाया और पास के एक फाइव स्टार होटल में शरण ली।
इस अचानक हुए हमले के दौरान कार में वकील सहित कुल पांच लोग सवार थे। फायरिंग में पिछली सीट पर बैठे एक व्यक्ति के कंधे में गोली लग गई, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों ने उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस को कार पर गोलियों के कई निशान मिले हैं, जो हमले की भीषणता को बयां कर रहे हैं।
लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम पर हुए इस हमले ने दिल्ली में नए गैंगवार की आशंका तेज कर दी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह हमला बिश्नोई के किसी विरोधी गैंग ने उसके नेटवर्क को कमजोर करने के लिए किया है। गौरतलब है कि बिश्नोई गैंग हाल ही में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड और बॉलीवुड हस्तियों को मिली धमकियों के कारण सुर्खियों में रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान के लिए कई टीमें गठित की गई हैं ताकि इस सनसनीखेज वारदात के पीछे की साजिश का पर्दाफाश हो सके।

