
इंदौर. स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चल रहे अभियान के दौरान किशनगंज पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे इजराइल पिता अजीज पटेल को उसके घर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस को सूचना मिली थी कि महू, किशनगंज और अन्य थानों का स्थायी वारंटी ग्राम शायदा स्थित अपने घर आया हुआ है. टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे दबोच लिया.
थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम इजराइल के घर पहुंची और दरवाजा खुलवाया. पुलिस को सामने देखते ही वह भागने लगा, लेकिन पहले से घेराबंदी कर खड़ी टीम ने उसे पकड़ लिया. पुलिस के अनुसार इजराइल लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ अलग अलग थानों में मामले लंबित हैं. उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
