आईएएस नहीं बन पाया तो बना फर्जी अफसर, ड्राइवर को भी दिया सरकारी नौकरी का झांसा

इंदौर. लसूड़िया पुलिस की गिरफ्त में आए फर्जी आईएएस हिमांशु पांचाल से पूछताछ में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है. वह आईएएस की तैयारी के लिए कोचिंग कर चुका है. असली अफसर नहीं बन पाया तो आईएएस राजा सोनी के नाम से रौब जमाने लगा. उसने अपने ड्राइवर को भी सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया था.

पुलिस ने ओमेक्स सिटी में किराए के मकान में रहने वाले हिमांशु पांचाल, निवासी अहमदाबाद, को गिरफ्तार किया है. वह इंदौर में खुद को आईएएस अधिकारी राजा सोनी बताकर घूम रहा था. उसने किराए के मकान के साथ अपनी गाड़ी पर भी आईएएस की नेमप्लेट लगा रखी थी. सयाजी होटल में खाना खाने के बाद 16 हजार रुपए का बिल नहीं चुकाने पर होटल प्रबंधन की शिकायत के बाद पुलिस ने उसे पकड़ा था. एडीसीपी अमरेंद्र सिंह का कहना है कि पूछताछ में सामने आया कि हिमांशु स्नातक है और कुछ साल तक आईएएस की तैयारी के लिए कोचिंग भी कर चुका है. पूछताछ में यह भी पता चला कि उसने कुछ समय पहले गुजरात में करीब 50 लाख रुपए में एक मकान बेचा था, इसी रकम से उसने गाड़ी खरीदी. आईएएस बनने में सफलता नहीं मिली तो उसने खुद को ही आईएएस अधिकारी बताकर घूमना शुरू कर दिया. हिमांशु ने एक ड्राइवर को 2500 रुपए रोज की मजदूरी पर रखा था. शुरुआत में कुछ दिन उसे भुगतान भी किया, लेकिन बाद में ड्राइवर से कहा कि वह उसकी सरकारी नौकरी लगवा देगा. इसी झांसे में ड्राइवर उसके साथ काम करता रहा. पुलिस अब गुजरात में उसके द्वारा की गई इसी तरह की ठगी और इंदौर में उसके संपर्क में आए लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है. आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड पर है और उससे पूछताछ जारी है.

Next Post

मुरैना में जबरदस्त बारिश से सड़कें हुईं जलमग्न

Thu Sep 3 , 2026
 मुरैना। चंबल संभाग के सबसे बड़े नगर मुरैना में आज सुबह शुरू हुई बारिश के कुछ ही देर बाद न्यू हाउसिंग बोर्ड, कलेक्टर कार्यालय के आसपास और शहर के कई प्रमुख मार्गों पर पानी भर गया। जलभराव के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। देर […]

You May Like