
छतरपुर। तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। स्कूल से लौट रहे सातवीं कक्षा के एक छात्र को पीछे से आ रही बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला अस्पताल छतरपुर में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
टिफिन देकर लौट रहा था घर
परिजनों ने बताया कि छात्र सुबह अपने छोटे भाई को स्कूल में टिफिन देकर साइकिल से वापस घर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आई मोटरसाइकिल ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि छात्र सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। उसके चेहरे, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
चालक फरार, कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा और बच्चे को अस्पताल ले गया। छात्र की मां रोशनी वासुदेव ने बताया कि दुर्घटना के बाद बाइक चालक मौके से भाग निकला। उन्होंने प्रशासन से लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।
शहर में रफ्तार पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में तेज रफ्तार और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर नियंत्रण नहीं है। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं दिख रहा। इस मामले में फिलहाल यातायात पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
