भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर प्रदेश में बड़े पैमाने पर तबादला उद्योग चलाने का गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि हालिया तबादला अभियान ने भ्रष्टाचार के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों, अधिकारियों और संविदा कर्मियों के तबादले अब प्रशासनिक आवश्यकता के बजाय कमाई का जरिया बन गए हैं।
मीडिया से चर्चा करते हुए जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में पोस्टिंग और तबादलों के लिए तय दरों पर लेन-देन हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था बिचौलियों, दलालों और बाबुओं के नेटवर्क के हवाले कर दी गई है, जिससे सरकारी कर्मचारियों का व्यापक शोषण हो रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि निष्पक्ष जांच कराई जाए तो प्रदेश के इतिहास का सबसे बड़ा तबादला घोटाला उजागर हो सकता है, जिसका कथित कारोबार 500 करोड़ रुपये से अधिक का है।
पटवारी ने हाल ही में पटवारियों के बड़े पैमाने पर हुए तबादलों और 24 घंटे के भीतर उनके निरस्त किए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इससे प्रशासनिक निर्णयों की पारदर्शिता और कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं।
उन्होंने सभी तबादला आदेशों, अनुशंसाओं और उनसे जुड़े वित्तीय लेन-देन की उच्चस्तरीय स्वतंत्र जांच की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को जनता के बीच लगातार उठाती रहेगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक संघर्ष जारी रखेगी।
