भोपाल। संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत इंदौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार शोरूम में हुई लगभग 25 लाख रुपये की चोरी का खुलासा मात्र 48 घंटे के भीतर करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई संपूर्ण संपत्ति बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार 17 जून को इंदौर स्थित पटेल मोटर्स मारुति कार शोरूम के ऑपरेशन मैनेजर सुरेन्द्र चौधरी ने लसूड़िया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि शोरूम के एक केबिन से एप्पल आईफोन, सोने के आभूषण तथा चांदी के सिक्के चोरी हो गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इंदौर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों का विश्लेषण किया गया। संदेह के आधार पर शोरूम में सफाई का कार्य करने वाले 19 वर्षीय कर्मचारी लक्की बोरासी से पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार उसने पहले एक एप्पल आईफोन चोरी किया और बाद में मालिक के लॉकर से मंदिर का सोने का छत्र, हीरे जड़ा मुकुट तथा अन्य कीमती सामान चुरा लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.426 किलोग्राम वजनी सोने का छत्र, हीरे जड़ा मुकुट, 12 चांदी के सिक्के, एक एप्पल आईफोन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद संपत्ति का मूल्य लगभग 25 लाख रुपये बताया गया है। आरोपी ने कथित रूप से महंगे शौक और ऐशो-आराम की जिंदगी के लिए वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस रिमांड पर लेकर उससे अन्य मामलों में भी पूछताछ कर रही है।
