भोपाल। शनिवार को शहर की 6 अवैध कालोनियों पर प्रशासन का बुलडोजर चला। इस दौरान इन कालोनियों की सीसी रोड, बाउंड्रीवॉल सहित मुख्य द्वार उखाड़ दिए गए। साथ ही अन्य पक्के निर्माणों को भी तोड़ दिया गया। एसडीएम विनोद सोनकिया के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान लगभग 82 करोड़ रुपए की जमीन अतिक्रमण मुक्त कराई गई। बता दें कि इन सभी कालोनियों के कालोनाइजर बिना टीएंडसीपी और अन्य जरूरी अनुमति के अवैध तरीके से कालोनियां विकसित कर रहे थे। भविष्य में जो भी लोग इन कालोनियों में प्लॉट लेते तो घर बनाने के बाद न तो उन्हें साफ पेयजल मिल पाता। इसके अलावा ड्रेनेज और सीवेज की व्यवस्था न होने से अन्य समस्याओं का भी सामना करना पड़ता। इसके अलावा ऐसी कालोनियों में प्लॉट बेचते समय बिल्डर पहले तो बड़े बड़े वादे कर लेते हैं, लेकिन बाद में न तो यहां की सडक़ों की मरम्मत हो पाती है और न ही अन्य मूलभूत सुविधाएं मिल पाती हैं। बता दें कि इसके पहले बुधवार को भी हुजूर तहसील अंतर्गत 4 अवैध कालोनियों पर बुलडोजर चला था। इस दौरान 133 करोड़ रुपए की 35.86 एकड़ जमीन पर बने अवैध कब्जे हटाए गए थे।
इन जगहों से हटाए गए अवैध कब्जे :
बेरखेड़ी बाज्याफ्त : यहां मेसर्स एसके बिल्डर्स के करन सिंह द्वारा 25 करोड़ की 2.330 हेक्टेयर पर भूपति परिसर नामक कालोनी बनाई जा रही थी। इस कालोनी की सीसी रोड उखाड़ी गई। साथ ही अन्य निर्माण तोड़े गए। इसी के पास हरिओम यादव द्वारा 1.17 हेक्टेयर पर राधा परिसर के नाम से कालोनी बनाई जा रही थी। इस जमीन की कीमत 12 करोड़ रुपए हैं।
सेमरी बाज्याफ्त : अर्थ डेवलपर्स के नीरज सिंह द्वारा विंध्य रेनबो फार्म नामक कालोनी बनाई जा रही थी। लगभग 22 करोड़ रुपए कीमत की जमीन पर 4 हेक्टेयर क्षेत्रफल में प्लॉट काटे जाने थे।
कोलूखेड़ी : यहां राजेश सिंघानिया द्वारा खसरा नंबर 128 के रकबा 1.846 हेक्टेयर पर 13 करोड़ रुपए की जमीन पर अवैध निर्माण हो रहा था। यहां भी बाउंड्रीवॉल सहित एप्रोच रोड का उखाड़ा गया। इसके अलावा कोलूखेड़ी में अवैध तरीके से बन रही रिद्धि-सिद्धि एवं सपना कॉलोनी के अवैध निर्माण भी तोड़े गए।
जमोनिया छीर : यहां श्रद्धा कालोनी नामक कालोनी में बिना अनुमति निर्माण किए गए थे। जिसके चलते लोगों को भविष्य में परेशानी हो सकती थी।
इनका कहना है :
हुजूर तहसील अंतर्गत जहां जहां भी अवैध कालोनियां चिन्हित की गई हैं। उनके कालोनाइजर को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। बारी बारी से अवैध निर्माण तोड़े जा रहे हैं। लोगों को भी प्रॉपर्टी खरीदते समय जरूरी अनुमतियों की जांच कर लेनी चाहिए।
विनोद सोनकिया, एसडीएम हुजूर
