इंदौर। दीवाली और धनतेरस के महापर्व पर इंदौर में केवल सराफा, ऑटोमोबाइल और मिठाई बाजारों में ही नहीं, बल्कि रियल एस्टेट और प्रॉपर्टी मार्केट में भी रिकॉर्ड तोड़ धनवर्षा होने जा रही है। धनतेरस के शुभ मुहूर्त पर शहर में जमीन, मकान, दुकान और फ्लैट्स की बंपर रजिस्ट्री की व्यापक तैयारियां की गई हैं। इस विशेष दिन पर संपत्ति की खरीदारी को शुभ मानने की परंपरा के चलते पंजीयन कार्यालयों में स्लॉट बुक कराने के लिए आवेदकों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
पंजीयन विभाग ने इस भारी डिमांड और आम जनता की सुविधा को देखते हुए विशेष इंतजाम किए हैं। धनतेरस के दिन जिला न्यायालय परिसर और प्रशासनिक संकुल स्थित सभी सब-रजिस्ट्रार दफ्तरों को सुबह जल्दी खोलने और रात को अंतिम आवेदक की मौजूदगी तक (देर रात तक) कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। सर्वर डाउन होने की समस्या से निपटने के लिए तकनीकी टीम को अलर्ट पर रखा गया है और अतिरिक्त काउंटर्स खोले गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इस बार धनतेरस पर रजिस्ट्री का आंकड़ा बीते कुछ सालों के रिकॉर्ड को तोड़ सकता है, जो इंदौर के प्रॉपर्टी बाजार में उपभोक्ताओं के मजबूत भरोसे को दर्शाता है।
आटोमोबाइल में 20 प्रतिशत इजाफे का अनुमान
ऑटोमोबाइल और मिठाई-ड्राईफ्रूट बाजार में 20 फीसदी का बंपर उछाल, इंदौर में चारों तरफ लक्ष्मी कृपा
इंदौर। इस दीवाली इंदौर के ऑटोमोबाइल और मिठाई-ड्राईफ्रूट सेक्टर में रिकॉर्ड तोड़ बिक्री देखने को मिल रही है। ऑटोमोबाइल डीलर्स के शुरुआती रुझानों और बुकिंग के आंकड़ों के अनुसार, इस त्योहारी सीजन में वाहनों की बिक्री में पिछले साल के मुकाबले 20 प्रतिशत इजाफे का अनुमान है। टू-व्हीलर से लेकर फोर-व्हीलर सेगमेंट में धनतेरस और दीवाली पर गाड़ियों की डिलीवरी के लिए शो-रूम्स पर भारी वेटिंग देखी गई।
ड्रायफ्रूट की बंपर खरीद की उम्मीद
त्योहारों के स्वाद और उपहारों की परंपरा को संभाल रहे मिठाई और ड्रायफ्रूट कारोबार में भी 20 फीसदी की शानदार बढ़ोतरी का अनुमान लगाया गया है। खास बात यह है कि इस बार पारंपरिक मिठाइयों के साथ-साथ प्रीमियम कस्टमाइज्ड ड्राईफ्रूट हैम्पर्स और शुगर-फ्री विकल्पों की मांग सबसे ज्यादा बनी हुई है। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, विभिन्न सेक्टर्स में आया यह 20% का सामूहिक उछाल इंदौर की मजबूत क्रय शक्ति और त्योहारों के प्रति उपभोक्ताओं के जबरदस्त उत्साह को प्रमाणित करता है। अहिल्या चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष रमेश खंडेलवाल के मुताबिक कीमतें ऊंची होने के बावजूद पिछले साल की दिवाली के मुकाबले ड्रायफ्रूट की मांग बेहतर बनी हुई है। व्यापारियों के अनुसार इस बार 20 से 25 प्रतिशत ज्यादा खरीदारी की उम्मीद है।
नमकीन-मिठाई बाजार में 20% का उछाल, 200 करोड़ के कारोबार का उम्मीद
स्वाद की राजधानी कहे जाने वाले इंदौर में दीवाली के त्योहार पर मिठाई और नमकीन का कारोबार अपने पूरे शबाब पर है। 56 दुकान, छप्पन भोग और सराफा जैसे प्रमुख स्वाद केंद्रों पर खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। व्यापारिक संगठनों के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, इस दीवाली मिठाई और नमकीन के कुल कारोबार में पिछले साल के मुकाबले 20 फीसदी की शानदार बढ़ोतरी का अनुमान है।
इस बार बाजार में हेल्थ और स्वाद का बेहतरीन फ्यूजन देखने को मिल रहा है। मिठाइयों में जहां पारंपरिक काजू कतली, मलाई लड्डू और पिस्ता बर्फी की सदाबहार मांग है, वहीं गिफ्टिंग के लिए कस्टमाइज्ड ड्राईफ्रूट बाइट्स, शुगर-फ्री अंजीर-खजूर के रोल और प्रीमियम हैम्पर्स को लोग हाथों-हाथ ले रहे हैं। दूसरी ओर, इंदौर का मशहूर नमकीन बाजार भी पूरी तरह सज चुका है। दीवाली पर मेहमाननवाजी के लिए प्रसिद्ध इंदौरी लोंगिया सेव, मिक्सचर और खट्टा-मीठा नमकीन के साथ-साथ इस बार रोस्टेड (बेक) समोसे, कचौड़ी और डाइट फ्रेंडली स्नैक्स की भारी मांग है। मिठाई – नमकीन एसोसिएशन के अध्यक्ष विकास जैन ने बताया कि इस साल मिठाई को कारोबार 50 करोड़ होने की उम्मीद है। मिठाई – नमकीन एसोसिएशन के सचिव अनुराग बोथरा ने कहा कि इंदौर में दिवाली पर 125 टन के करीब नमकीन रोजाना बनता है। एक अनुमान के अनुसार शहर में सभी छोटे बड़े दुकानदारों को मिलाकर 150 करोड़ रुपए के कारोबार की उम्मीद है।
लाइटिंग कारोबार को भी अच्छी उम्मीद
इस बार रोशनी के बाजार में भी जबरदस्त तेजी दर्ज की जा रही है। झालर और फैंसी लाइटिंग के लिए मध्य भारत के सबसे प्रसिद्ध महारानी रोड मार्केट में खरीदारों का हुजूम उमड़ पड़ा है। साउंड एंड लाइटिंग एम्पोरियम के जितेंद्र सागर का कहना है कि पिछले 4-5 दिनों से बाजार में अचानक भीड़ बहुत ज्यादा बढ़ी है। ग्राहकों के इस भारी उत्साह को देखते हुए इस बार पिछली दीवाली के मुकाबले कारोबार में 20 प्रतिशत की सीधी बढ़ोतरी की उम्मीद है।
