पारंपरिक खेलों को मिला बढ़ावा: भानादेही में जुटी भारी भीड़, बैलगाड़ी पट में 60 प्रतिभागियों ने दिखाया दम

छिन्दवाड़ा। पारंपरिक खेलों के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से प्रत्येक जिले में विभिन्न पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले की जनपद पंचायत छिंदवाड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत भानादेही में बैलगाड़ी पट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता को देखने के लिए ग्रामीण क्षेत्र के साथ साथ शहरीय क्षेत्र के लोगों की काफी भीड़ भानादेही पहुंची जहां लोगों ने इस पट प्रतियोगिता का आनंद उठाया। कार्यक्रम में कलेक्टर हरेंद्र नारायन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके द्वारा प्रतियोगिता का अवलोकन कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। अपने उद्बोधन में कलेक्टर नारायन ने कहा कि वर्तमान समय में पारंपरिक खेल विलुप्त होते जा रहे हैं, जबकि ये ग्रामीण जीवन की पहचान हैं। पारंपरिक खेल हमारी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण अंग हैं, इसीलिये शासन द्वारा इनके संरक्षण एवं प्रोत्साहन के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर द्वारा प्रतियोगिता में सहभागिता करने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई दी गई तथा उनके उत्साह एवं खेल भावना की सराहना की गई। इस बैलगाड़ी पट प्रतियोगिता में कुल 60 प्रतिभागियों द्वारा सहभागिता की गई। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 21,000, द्वितीय पुरस्कार 11,000, तृतीय पुरस्कार 5,100 तथा तीन सांत्वना पुरस्कार 1,100-1,100 प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त 15 चयनित प्रतिभागियों को मेडल एवं ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिवेदन का वाचन नोडल अधिकारी कपिल नागरे द्वारा किया गया। संचालन विकासखंड खेल प्रभारी राकेश चौरसिया ने किया तथा आभार प्रदर्शन जिला खेल अधिकारी कृष्ण कुमार चौरसिया द्वारा व्यक्त किया गया। जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार ने समस्त प्रतिभागियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं। यह आयोजन ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने एवं पारंपरिक खेलों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।

Next Post

वायडी नगर पुलिस ने ड्रग्स बनाने का 1886.6 किलो केमिकल किया जब्त

Wed Feb 25 , 2026
मंदसौर। जिले के वायडी नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग्स निर्माण में उपयोग होने वाला 1886.6 किलोग्राम संदिग्ध केमिकल जब्त किया है। मामले में एक आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा (भा.पु.से.) के निर्देश पर अवैध […]

You May Like