
मंदसौर। जिले के वायडी नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग्स निर्माण में उपयोग होने वाला 1886.6 किलोग्राम संदिग्ध केमिकल जब्त किया है। मामले में एक आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा (भा.पु.से.) के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं सीएसपी जितेन्द्रसिंह भास्कर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक शिवांशु मालवीय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक हेमंत शर्मा व टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार विजय हाउसिंग सोसायटी कॉलोनी, फार्मेसी कॉलेज रोड स्थित एक मकान, जिसे किराये पर दिया गया था, की जांच के दौरान कमरे में रखे प्लास्टिक ड्रमों में तीव्र गंध वाला तरल केमिकल पाया गया। जांच में यह पदार्थ मादक पदार्थ निर्माण में प्रयुक्त होने वाला संदिग्ध केमिकल पाया गया, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
मामले में श्रेयांस पिता धरमचंद्र मोगरा निवासी प्रतापगढ़ (राजस्थान) के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना वायडी नगर पुलिस के कई अधिकारियों व जवानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
