
भोपाल। बागसेवनियां थाने की एक पुलिस टीम महिला पीड़िताओं से दुष्कर्म और धर्मांतरण के मामले फरार 3 अन्य आरोपियों की तलाश में अहमदाबाद पहुंची है. फरार आरोपी चानू, बिलाल और यासिर की तलाश उनके ठिकानों पर पहुंचकर की जा रही है. पुलिस ने मामले में महिला आरोपी अमरीन उर्फ माहिरा और आफरीन के साथ ही आरोपी चंदन यादव को पहले ही गिरफ्तार किया है. महिला आरोपी अमरीन फिलहाल पुलिस रिमांड पर और उससे पूछताछ जारी है. अन्य दोनों आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है. बागसेवनियां थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच भी शुरू कर दी है. दो पीड़िताओं ने मामले की शिकायत करीब 3 दिन पहले दर्ज कराई है.
सूत्रों के हवाले से यह भी जानकारी सामने आई है कि पुलिस मामले में अन्य पीड़िताओं के बारे में भी जानकारी जुटा रही है. गिरफ्तार हुए आरोपियों के बयान के आधार पर पुलिस इस गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की जल्द ही गिरफ्तारी कर सकती है.
आरोपी अमरीन का नाम इस गिरोह को चलाने में मुख्य सरगना के तौर पर सामने आया है. आरोप है कि अमरीन ही आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को लग्जरी लाइफ जीने का लालच देकर पहले धोखे में उनका दुष्कर्म कराती थी. इसके बाद वह पीड़िताओं को धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर कर रही थी. छत्तीसगढ़ की रहने वाली पीड़िता ने आरोपियों को लेकर आपबीती पुलिस के सामने सुनाई है. आरोपियों के बयान के बाद पुलिस इस घिनौने कांड़ में शामिल फरार सभी आरोपियों की लिस्ट तैयार कर चुकी है. आरोपियों के ठिकानों पर पुलिस का दाबिश जारी है और उनकी गिरफ्तारी की संभावना भी बनी हुई है.
इधर बुधवार को विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बागसेवनियां थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ पुलिस की कड़ी कार्रवाई को लेकर मांग करते हुए प्रदर्शन किया. हिन्दू संगठनों ने मामले में थाना प्रभारी को ज्ञापन भी सौंपा. इसके साथ ही मुख्यमंत्री से अपील करते हुए मांग की है कि वह इस मामले को संज्ञान में लेते हुए कठोर कार्रवाई के निर्देश दें. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पीड़ित युवतियों की सुरक्षा और काउंसलिंग सुनिश्चित की जाए. पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर मुख्य साजिशकर्ताओं को उजागर किया जाए. आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जाए और धर्मांतरण कानून के तहत कठोर कार्रवाई उन पर की जाए.
