पचोर: पचोर बस स्टैंड पर लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण, गंदगी और जाम की स्थिति को देखते हुए बुधवार सुबह नगर परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी दीपक रानवे औचक निरीक्षण पर निकले. इस दौरान उन्होंने बस स्टैंड पर पसरी अव्यवस्थाओं को लेकर फल व्यापारियों को सख्त लहजे में हिदायत दी.सीएमओ ने बताया कि बस स्टैंड क्षेत्र में जल्द ही एक निर्धारित सीमा रेखा खींची जाएगी. सभी व्यापारियों को इसी लाइन के भीतर अपना धंधा करना होगा.
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने साफ कहा कि यदि तय सीमा से बाहर किसी का भी सामान या दुकान पाई गई, तो उसे तुरंत जब्त कर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. चेतावनी के बाद कई दुकानदारों ने खुद ही अपना सामान पीछे हटा लिया. बस स्टैंड के मुख्य प्लेटफॉर्म पर शराब दुकान से लेकर आंबेडकर पार्क तक फल व्यापारियों द्वारा फैलाए गए कारोबार और गंदगी को देखकर सीएमओ ने नाराजगी जाहिर की और उन्हें फटकार लगाते हुए पीछे हटने के निर्देश दिए. बस स्टैंड के दक्षिणी प्लेटफॉर्म पर सुबह 4 बजे से ही फलों की बड़ी-बड़ी पेटियां रख दी जाती हैं, जिससे एक तरफ का पूरा रास्ता बंद हो जाता है और वाहनों के लिए जाम की स्थिति बन जाती है.
स्थानीय निवासियों के अनुसार, कई व्यापारियों के पास बस स्टैंड पर अपनी स्थायी दुकानें हैं, इसके बावजूद वे सडक़ और प्लेटफॉर्म तक अपना सामान फैला लेते हैं. इससे यात्रियों, बस चालकों और आम नागरिकों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिसकी शिकायतें लगातार नगर परिषद को मिल रही थीं. नगर परिषद प्रशासन ने साफ कर दिया है कि बस स्टेण्ड पर आम जनता और यात्रियों की सुविधा सर्वोपरि है. यातायात बाधित करने वाले और अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को अब कोई ढील नहीं दी जाएगी.
