प्रशासन ने तड़के हटाया केन-बेतवा लिंक परियोजना का धरना, आंदोलनकारी हिरासत में, भारी पुलिस बल तैनात

छतरपुर। जिले के किशनगढ़ क्षेत्र में केन-बेतवा लिंक परियोजना के विरोध में बराना नदी के बीच चल रहे 16 दिन पुराने आंदोलन को प्रशासन ने तड़के समाप्त करा दिया। सुबह पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने नदी क्षेत्र को चारों ओर से घेरकर आंदोलनकारियों को हटाया और आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अमित भटनागर समेत कई लोगों को हिरासत में ले लिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। इसके बाद हिरासत में लिए गए लोगों को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।

प्रशासन के अनुसार, अमित भटनागर के विरुद्ध पहले से हत्या के प्रयास, शासकीय कार्य में बाधा सहित विभिन्न मामलों में प्रकरण दर्ज हैं और वे लंबे समय से फरार चल रहे थे। पुलिस ने मौके पर उन्हें हिरासत में लेने के साथ अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। घटना के बाद बराना नदी और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

दूसरी ओर, आंदोलन से जुड़े लोगों का कहना है कि वे केन-बेतवा लिंक परियोजना में कथित भ्रष्टाचार और विस्थापन से जुड़े मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे। उनका आरोप है कि प्रशासन ने उनकी आवाज दबाने के उद्देश्य से बलपूर्वक कार्रवाई की। आंदोलनकारियों का यह भी कहना है कि परियोजना में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।

कलेक्टर बोले- जान की सुरक्षा के लिए उठाया कदम

इस मामले में कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने प्रशासन का पक्ष रखते हुए कहा कि कार्रवाई का उद्देश्य किसी आंदोलन को दबाना नहीं, बल्कि प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के कारण बराना नदी का जलस्तर बढ़ गया था, जिससे नदी के बीच बैठे लोगों की जान को खतरा था। कलेक्टर के अनुसार, प्रभावित ग्रामीणों की प्रमुख मांग विस्थापन पैकेज को 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 12.50 लाख रुपये करने की थी, जिसे राज्य सरकार की कैबिनेट पहले ही मंजूरी दे चुकी है और इसकी जानकारी प्रदर्शनकारियों को दी जा चुकी थी। उन्होंने कहा कि बिना प्रशासनिक अनुमति के आंदोलन किया जा रहा था, इसलिए पन्ना जिले के निवासियों को सुरक्षित बसों से उनके गांव भेजा गया। वहीं, परियोजना में 400 करोड़ रुपये के कथित घोटाले के आरोपों पर उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को अब तक कोई लिखित शिकायत या साक्ष्य प्राप्त नहीं हुए हैं। यदि कोई शिकायत और प्रमाण मिलते हैं तो नियमानुसार निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।

केन-बेतवा आंदोलन पर उमंग सिंघार का हमला

छतरपुर। केन-बेतवा लिंक परियोजना को लेकर जारी आंदोलन के बीच विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आंदोलनकारियों की गिरफ्तारी और उन्हें जबरन हटाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति का सम्मान होना चाहिए और सवाल पूछना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है।

सिंघार ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विरोध की आवाज़ को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना में कथित भ्रष्टाचार और आदिवासी अधिकारों के मुद्दे पर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे अमित भटनागर और उनके साथियों की गिरफ्तारी अलोकतांत्रिक है।

Next Post

​गैस सिलेंडर से ताला काटकर ज्वेलर्स की दुकान में चोरी: 2 लाख के आभूषण और नकदी ले उड़ा बदमाश

Sun Jul 19 , 2026
छतरपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पठापुर रोड स्थित कनक ज्वेलर्स में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात चोरी की बड़ी वारदात हुई। अज्ञात बदमाश दुकान का ताला काटकर अंदर घुसा और करीब 2 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात तथा 3 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना […]

You May Like