​गैस सिलेंडर से ताला काटकर ज्वेलर्स की दुकान में चोरी: 2 लाख के आभूषण और नकदी ले उड़ा बदमाश

छतरपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पठापुर रोड स्थित कनक ज्वेलर्स में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात चोरी की बड़ी वारदात हुई। अज्ञात बदमाश दुकान का ताला काटकर अंदर घुसा और करीब 2 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात तथा 3 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 2:12 बजे बदमाश मिनी गैस सिलेंडर की मदद से दुकान का ताला काटकर अंदर दाखिल हुआ। उसने दुकान में रखे करीब 10 ग्राम सोने के जेवर, 250 ग्राम चांदी के आभूषण और गुल्लक में रखे 3 हजार रुपये नकद एक पॉलीथिन में भर लिए और मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी रविवार सुबह दुकान खुलने पर लगी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज में बदमाश चोरी के बाद सामान लेकर जाते हुए दिखाई दे रहा है।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

Next Post

जगदीशपुर से 10.54 लाख किसानों को मिली फसल बीमा राशि, मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक से 1460.25 करोड़ किए अंतरित

Sun Jul 19 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को जगदीशपुर से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ-2025 की बीमा दावा राशि किसानों के खातों में अंतरित की। सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 10 लाख 54 हजार किसानों के बैंक खातों में कुल 1460.25 करोड़ रुपये की राशि भेजी […]

You May Like