
इटारसी। रामपुर गुर्रा थाना क्षेत्र में फोरलेन हाईवे के किनारे एक अज्ञात युवक अचेत अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एंबुलेंस (112 व 108) की मदद से युवक को इटारसी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
युवक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे डंडे या पाइप से मारपीट की आशंका जताई जा रही है। करीब 35-40 वर्षीय यह युवक मानसिक रूप से परेशान लग रहा था। होश में रहने पर उसने अपना नाम दीपक गोस्वामी बताया, लेकिन पता कभी झांसी तो कभी सागर बता रहा था।
अस्पताल में अचेत होने से पुलिस फिलहाल युवक के बयान दर्ज नहीं कर सकी है। इटारसी पुलिस मामले की सघन जांच कर रही है, जिसके बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस त्वरित रेस्क्यू में पुलिस आरक्षक रवि आनंद, आयुष चौबे और एफआरवी-8 के पायलट असलम खान की भूमिका अहम रही।
