
जबलपुर। इंस्टाग्राम पर नौकरी की तलाश कर रही युवती को जालसाज ने अपने जाल में फंसाया और रजिस्ट्रेशन के बहाने उसके पिता के बैंक खाते से 40,822 रुपये साफ कर दिए। पुलिस के मुताबिक, गौतम गंज इंद्रा गांधी वार्ड, गढ़ा निवासी धर्मेंद्र मिश्रा (44) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि जब अपना बैंक अकाउंट चेक किया, तो उन्हें पता चला कि उनके खाते से किश्तों में कुल 40 हजार 822 रुपये कट चुके हैं। जब उन्होंने इस बारे में अपनी बेटी तानिया मिश्रा से पूछा, तब जाकर इस पूरी ऑनलाइन धोखाधड़ी का भंडाफोड़ हुआ। तानिया ने बताया कि वह इंस्टाग्राम पर वर्क फ्रॉम होम जॉब सर्च कर रही थी। इसी दौरान उसे ग्लोबल बुक पब्लिकेशन नाम का एक पेज दिखा। इस पेज के संचालकों ने तानिया को घर बैठे टाइपराइटर का काम देने का झांसा दिया और इसके बदले 15,000 रुपये प्रति प्रोजेक्ट सैलरी देने का लालच दिया। ठगों ने तानिया को पूरी तरह अपने विश्वास में ले लिया और सैलरी भेजने के नाम पर उससे बैंक अकाउंट का स्कैनर (क्यूआर कोड) मांग लिया। तानिया ने अनजाने में अपने पिता के बैंक अकाउंट का क्यूआर कोड उन्हें शेयर कर दिया। इसके तुरंत बाद, आरोपियों ने तानिया को 500 रुपये की रजिस्ट्रेशन फीस जमा करने के लिए एक संदिग्ध लिंक भेजी। तानिया ने जैसे ही उस लिंक पर क्लिक कर 500 रुपये ट्रांसफर किए, जालसाजों ने उनके पिता के खाते का पूरा एक्सेस हासिल कर लिया और धीरे-धीरे कर कुल 40,822 रुपये निकाल लिए।
