
इंदौर:मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ पितृ पर्वत स्थित पितरेश्वर हनुमान धाम में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की. दोनों नेताओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान हनुमान के दर्शन किए और धाम परिसर में स्थापित 72 फीट ऊंची अष्टधातु निर्मित हनुमान प्रतिमा का अवलोकन किया.
मंदिर दर्शन से पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने अपने दिवंगत माता-पिता की स्मृति में नीम, पीपल और बरगद के त्रिवेणी पौधे रोपे. इस दौरान गौसेवा करते हुए गौ माता को रोटी खिलाई तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. मुख्यमंत्री ने नागरिकों से वर्षा ऋतु में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण करने का आह्वान किया. कार्यक्रम में नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित अनेक जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे. पितृ पर्वत स्थित पित्रेश्वर हनुमान धाम अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय विशेषताओं के कारण श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बना हुआ है
