मोदी ने जय हिंद को नया अर्थ दिया है: ओहाना

यरुशलम, 25 फरवरी (वार्ता) इजराइली संसद नेसेट के अध्यक्ष अमीर ओहाना ने भारत को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारफी करते हुए बुधवार को कहा कि उन्होंने “जय हिंद” को नया अर्थ दिया है।

इजराइली संसद में प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए श्री ओहाना ने कहा कि श्री मोदी के लिए नेतृत्व का मतलब केवल एक देश का प्रशासन नहीं, बल्कि एक विशाल राष्ट्र को प्रेरित करना रहा है। उन्होंने कहा, “इसी दृढ़ विश्वास के साथ उन्होंने भारत को रूपांतरित किया है। उन्होंने जन स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि और अवसंरचना के परिदृश्य को नया रूप दिया। उन्होंने डिजिटल क्रांति को गति दी है और आर्थिक सुधार तथा समावेशन में ऐतिहासिक प्रगति को आगे बढ़ाया है। उन्होंने भारत को विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बनाया और करोड़ों लोगों के जीवन स्तर को ऊपर उठाया है। ऐसा करते हुए उन्होंने “जय हिंद” शब्दों को नया अर्थ दिया है।”

उन्होंने याद किया कि किस प्रकार दो सहस्राब्दियों से अधिक समय तक भारत ने यहूदियों को घर और “हमारे सबसे अंधकारमय समय में” शरण दी। भारत के प्राचीन यहूदी समुदायों ने इस भूमि और इस देश (इजरायल) के निर्माण में योगदान दिया और वे आज भी भारत की संस्कृति, व्यंजन और गर्मजोशी से इसे समृद्ध कर रहे हैं।

श्री ओहाना ने संसद के समक्ष इस बात का भी उल्लेख किया कि साल 2017 में इजरायल की यात्रा करने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री बनकर श्री मोदी ने इतिहास रचा था। उन्होंने कहा, “नेसेट को संबोधित करने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री के रूप में उन्हें फिर से इतिहास रचते देखना मेरा सौभाग्य है।”

उन्होंने कहा कि श्री मोदी की पहली यात्रा से अब तक दोनों देशों के बीच हर क्षेत्र में सहयोग बढ़ा है, विशेष रूप से सुरक्षा और प्रौद्योगिकी में।

श्री ओहान ने यह भी याद किया कि कैसे ‘सात अक्टूबर’ के नरसंहार के बाद श्री मोदी उन पहले वैश्विक नेताओं में थे जिन्होंने हमास की निंदा की और इज़राइल की जनता के साथ खड़े रहे। उन्होंने कहा, “हमारे दोनों राष्ट्र आतंकवाद से लड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं, और ईश्वर की सहायता से हम साथ मिलकर विजय प्राप्त करते रहेंगे।”

दोनों देशों की साझा संस्कृति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, “अगले सप्ताह होली और यहूदी पर्व पुरीम एक साथ आएंगे। रंगों से आकाश भर जायेगा। दोनों देशों के लोग एक ही शाश्वत सत्य की घोषणा करेंगे – आशा की सदा जीत होती है।”

 

 

Next Post

युवती से होटल में दुष्कर्म: पार्टी के बहाने बुलाकर दिया वारदात को अंजाम, एक आरोपी गिरफ्तार

Wed Feb 25 , 2026
छिंदवाड़ा। शहर में 23 वर्षीय युवती से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है, जिसकी जांच कोतवाली थाना पुलिस कर रही है। पुलिस के अनुसार युवती और आरोपी पहले से परिचित थे। आरोप है कि युवती को पार्टी के बहाने अलका […]

You May Like