
छतरपुर। बुंदेलखंड की पावन धरती एक बार फिर भक्ति और आस्था के महासंगम की साक्षी बनने जा रही है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने गृह क्षेत्र में 6 फरवरी से 12 फरवरी तक श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन करने जा रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने एक वीडियो संदेश के माध्यम से आसपास के जिलों के श्रद्धालुओं से भावपूर्ण अपील करते हुए कथा में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि यह आयोजन विशेष रूप से बुंदेलखंड के लोगों के लिए रखा गया है, ताकि वे अपने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर सकें और आध्यात्मिक अनुभूति साझा कर सकें। छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़, महोबा, झांसी, दमोह और सागर सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
यह सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से प्रभु इच्छा तक चलेगी। कथा के साथ-साथ बागेश्वर धाम में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति के रंग में रंग जाएगा। धाम प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। अनुमान है कि इस महोत्सव में लाखों श्रद्धालु शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।
