
ग्वालियर। जिले के महाराजपुरा के सेंथरी गांव में श्रीरामजानकी गंगादास शाला ट्रस्ट की जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने भिड़ गए हैं। जमीन पहले से एक किसान जोत रहा था। इसी जमीन के बगल से लगी जमीन गुलाब सिंह गुर्जर और उसके साथियों ने खरीद ली। आरोप है कि गुलाब और उसके साथी किसान नयनसुख जाटव को जमीन जोतने से रोक रहे थे। नयनसुख के समर्थन में भिंड के जिला पंचायत सदस्य संजू जाटव के पति गजराज सिंह जाटव आ गए। गजराज और नयनसुख जमीन की बाउंड्री करा रहे थे, तभी गुलाब व उसके साथी आ गए। इन लोगों ने विवाद शुरू कर दिया। गोलियां भी चलाई गईं। पुलिस मौके पर पहुंच गई है। एसडीएम को भी बुलवाया गया। फिलहाल दोनों ही पक्षों को जमीन पर जाने से रोका गया है। पुलिस ने राजस्व विभाग से रिपोर्ट मांगी है। प्रतिबंधात्मक कार्रवाई दोनों पक्षों पर की गई है। हालांकि गोलीबारी के मामले में एफआइआर दर्ज नहीं की गई है। सेंथरी गांव में ट्रस्ट की पांच बीघा जमीन है। इसकी कीमत करीब आठ करोड़ रुपये आंकी गई है।
