‘बंदर’ 28 अगस्त को जी5 पर होगी स्ट्रीम

मुंबई, 20 अगस्त (वार्ता) अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी समीक्षकों द्वारा प्रशंसित फिल्म ‘बंदर’ का प्रीमियर 28 अगस्त को जी5 पर होगा। बॉबी देओल, सान्या मल्होत्रा, सपना पब्बी और सबा आजाद अभिनीत यह फिल्म आरोप, धारणा और न्याय जैसे संवेदनशील मुद्दों पर केंद्रित क्राइम ड्रामा और मनोवैज्ञानिक थ्रिलर है। ‘बंदर’ एक ऐसे पुरुष की कहानी सामने लाती है, जिसकी जिंदगी पूर्व साथी द्वारा लगाए गए बलात्कार के आरोप के बाद पूरी तरह बदल जाती है। मीडिया की निगरानी, सामाजिक धारणा और कानूनी लड़ाई के बीच फिल्म यह सवाल उठाती है कि क्या किसी आरोप के आधार पर सच सामने आने से पहले ही व्यक्ति को दोषी मान लिया जाता है।

फिल्म में बॉबी देओल ने पूर्व लोकप्रिय टेलीविजन अभिनेता समर मेहरा की भूमिका निभाई है। आरोपों के बाद समर खुद को ऐसी स्थिति में पाता है, जहां लोगों की धारणा और मीडिया ट्रायल उसके लिए किसी सजा से कम नहीं है। अनुराग कश्यप ने कहा कि इस कहानी ने उन्हें इसलिए आकर्षित किया, क्योंकि यह ऐसे कठिन सवाल उठाती है, जिनका सामना करने में समाज अक्सर असहज महसूस करता है। फिल्म दर्शकों को सही और गलत के स्पष्ट खांचों से आगे बढ़कर वास्तविक जिंदगी की जटिल परिस्थितियों पर विचार करने के लिए प्रेरित करती है।

बॉबी देओल ने कहा कि ‘बंदर’ ने उन्हें अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलने का मौका दिया। उनके अनुसार, इस किरदार ने उनसे एक अभिनेता के साथ-साथ एक इंसान के तौर पर भी बहुत कुछ मांगा और अनुराग कश्यप के निर्देशन में काम करना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा।
सपना पब्बी ने कहा कि ‘बंदर’ उनके करियर के सबसे खास अनुभवों में से एक है। उन्होंने गायत्री के किरदार को जटिल और अप्रत्याशित बताते हुए कहा कि इसे निभाना चुनौतीपूर्ण होने के साथ बेहद संतोषजनक भी रहा। सान्या मल्होत्रा ने कहा कि ‘बंदर’ ऐसी फिल्म है जो बातचीत को जन्म देती है और दर्शकों को किसी परिस्थिति को अलग-अलग नजरियों से देखने के लिए प्रेरित करती है। सैफरॉन मैजिकवर्क्स और जी स्टूडियोज निर्मित इस फिल्म में बॉबी देओल, सान्या मल्होत्रा, सपना पब्बी, सबा आजाद, इंद्रजीत सुकुमारन, राज बी. शेट्टी और जितेंद्र जोशी प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
‘बंदर’ 28 अगस्त 2026 को विशेष रूप से जी5 पर स्ट्रीम होगी।

.....

Next Post

354 मवेशियों से भरा 12 चक्का ट्रक जब्त, 7 आरोपी गिरफ्तार, निवार चौकी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 भेड़ें मृत मिलीं

Thu Aug 20 , 2026
कटनी । जिले में पशुओं के अवैध और क्रूरतापूर्ण परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना माधव नगर अंतर्गत चौकी निवार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एनएच-30 पर घेराबंदी कर एक 12 चक्का टाटा ट्रक से 354 भेड़ और बकरियों […]

You May Like