354 मवेशियों से भरा 12 चक्का ट्रक जब्त, 7 आरोपी गिरफ्तार, निवार चौकी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 भेड़ें मृत मिलीं

कटनी । जिले में पशुओं के अवैध और क्रूरतापूर्ण परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना माधव नगर अंतर्गत चौकी निवार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एनएच-30 पर घेराबंदी कर एक 12 चक्का टाटा ट्रक से 354 भेड़ और बकरियों को बरामद किया है। मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया गया है।

पंछी ढाबा के पास पुलिस ने बिछाया जाल

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और एएसपी कमल मौर्य के मार्गदर्शन में निवार चौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि एक 12 चक्का ट्रक (MP17HH3130) में क्षमता से अधिक मवेशियों को ठूंसकर कटनी से जबलपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही निवार चौकी पुलिस ने कटनी-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-30 पर लखापतेरी स्थिति पंछी ढाबा के सामने नाकेबंदी कर दी।

 

दो पार्टिशन बनाकर भरे थे 354 पशु, 4 मिले मृत

संदिग्ध ट्रक को रोककर जब पुलिस टीम ने तलाशी ली, तो उसमें दो पार्टिशन बनाकर बेहद क्रूरता से मवेशियों को भरा गया था। गिनती करने पर कुल 354 पशु पाए गए, जिनमें 310 जीवित भेड़, 4 मृत भेड़ और 40 बकरी/बकरे शामिल थे। चालक और वाहन में सवार लोग पशु परिवहन से संबंधित कोई वैध परमिट या दस्तावेज पेश नहीं कर सके।

 

रीवा, सीधी और बगदरा के रहने वाले हैं आरोपी

पुलिस ने मौके से 7 आरोपियों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए आरोपियों में जितेन्द्र कुमार वर्मा (40), निवासी कटरा, थाना गढ़ (रीवा), मोहम्मद मुस्तफा उर्फ बबलू (47), निवासी सिहावल, थाना अमिलिहा (सीधी), संतलाल गोंड (40), निवासी बगदरा, रनबहादुर सिंह (40), निवासी बगदरा, बब्बन सिंह (43), निवासी बगदरा, गुरुदेव सिंह (37), निवासी बगदरा, अशोक शुक्ला (35), निवासी गंगतिरा, थाना गढ़ (रीवा)

 

पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज

निवार चौकी पुलिस ने 12 चक्का ट्रक और सभी मवेशियों को जब्त करते हुए आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(क), 11(ए)(ई) और मोटरयान अधिनियम की धारा 66/192(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निवार सउनि अंजनी कुमार मिश्र, सउनि कमलेश प्रसाद शुक्ला, प्रधान आरक्षक गौरव सेन एवं प्रधान आरक्षक संतोष प्रजापति की सराहनीय भूमिका रही।

Next Post

चर्चित हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी पर सिर्वी समाज ने किया पुलिस टीम का सम्मान

Thu Aug 20 , 2026
पेटलावद. चर्चित हरिराम गेहलोत हत्याकांड में मुख्य आरोपित देवा उर्फ देवीलाल और उसके साथियों को प्राथमिकता के साथ गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने पर पेटलावद सिर्वी समाज ने थाना प्रभारी निर्भयसिंह भूरिया और उनकी पूरी पुलिस टीम का सम्मान कर आभार व्यक्त किया। समाजजनों ने पुलिस की कार्रवाई […]

You May Like