
ग्वालियर। नगर निगम के सड़क निर्माण, सीवरेज एवं स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज की समीक्षा आयुक्त नगरीय प्रशासन संकेत भोंडवे ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से की तथा निगम आयुक्त संघ प्रिय को निर्देशित किया कि शहर की सड़कों के सर्वांगीण विकास के लिए सड़कों का सर्वे करायें तथा सक्षम कंसलटेंसी की नियुक्ति कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें।
आयुक्त नगरीय प्रशासन संकेत भोंडवे ने स्वर्ण रेखा में मिल रहे नालों की डीपीआर तैयार करने वाली कंसल्टेंसी की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित एजेंसी को टर्मिनेट कर नई एजेंसी का चयन कर डीपीआर तैयार करवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नालों पर अतिक्रमण को लेकर निगमायुक्त को निर्देशित किया कि शत प्रतिशत नालों से अतिक्रमण हटाया जाए और प्रभावी कार्यवाही की जाए, जिससे किसी भी नाले में अतिक्रमण के कारण जल निकासी में अवरोध न हो। इस मौके पर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने निगम के सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन के प्राथमिकता वाले कार्यों को एवं निर्देशों का पालन गंभीरता से करें अन्यथा अधिकारियों के खिलाफ कडी कार्यवाही की जाएगी।
