इंदौर: इंदौर उज्जैन रोड पर सोमवार को लोगों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा. अरविंदो हॉस्पिटल के सामने से लेकर बरोली टोल नाके तक करीब डेढ़ घंटे तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही. इस दौरान मरीज को लेने जा रही एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई.प्रत्यक्षदर्शी राजेन्द्र सोलंकी ने बताया कि जाम के दौरान कई लोगों ने जल्द निकलने के प्रयास में रॉन्ग साइड से वाहन घुसा दिए, जिससे यातायात व्यवस्था बिगड़ गई.
सड़क के दोनों ओर चारपहिया और दोपहिया वाहनों की लंबी लाइन लग गई और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. जाम की सूचना मिलने के बाद यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों को व्यवस्थित कर यातायात सुचारू कराया. वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि सिक्स लेन सड़क का काम चलने के कारण कई जगह सड़क खराब हैं, इसलिए यातायात हमेशा प्रभावित होता है, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बन रही है.
