इंदौर: हीरानगर थाना क्षेत्र में मारपीट के मामले में गिरफ्तार तीन बदमाशों का पुलिस ने रविवार को जुलूस निकाला, लेकिन कुछ ही देर बाद सामने आए एक वीडियो ने पूरी कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए. दरअसल, जुलूस के दौरान जिन आरोपियों के हाथ पैर पर पट्टियां बंधी दिखाई दे रही थीं, वही पट्टियां जेल गेट पहुंचने पर उतर चुकी थीं. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर तरह तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
मामला बुधवार 23 जुलाई का बताया जा रहा है, जब कार और बाइक की टक्कर के बाद दो पक्षों में विवाद और मारपीट हुई थी. पुलिस ने इस मामले में शोभित साक्यवार, निक्की अहिरवार, ओम उर्फ देवाय समेत चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था. रविवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने इलाके में उनका जुलूस निकाला और बाद में न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया.
देर रात सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में जेल गेट के बाहर आरोपी बिना पट्टियों के नजर आए, जबकि पट्टियां पास ही दीवार के किनारे रखी दिखाई दीं. इसके बाद लोगों ने सवाल उठाए कि यदि आरोपी घायल थे तो पट्टियां अचानक कैसे उतर गईं. सोशल मीडिया पर यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि जुलूस के दौरान केवल दिखावे के लिए पट्टियां बांधी गई थीं. हालांकि, इन आरोपों की फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
एसीपी रूबीना मिजवानी
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है. जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
