धर्मेन्द्र की जयंती पर भावुक हुयी हेमा मालिनी

मुंबई, 08 दिसंबर (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेत्री हेमा मालिनी अपने पति और दिवंगत अभिनेता धर्मेन्द्र की जयंती पर उन्हें याद कर भावुक हो गयी।

बॉलीवुड के ही मैन धर्मेन्द्र का 24 नवंबर को निधन हो गया था। धर्मेन्द्र का जन्म 08 दिसंबर 1935 को हुआ था। धर्मेन्द्र की आज 90वीं जयंती है। धर्मेंद्र की जयंती पर उनका पूरा परिवार उन्हें नम आंखों से याद कर रहा है। हेमा मालिनी ने भी धर्मेंद्र की जयंती पर उन्हें याद किया है।

हेमा मालिनी ने एक्स पर अपने भावुक पोस्ट में लिखा, ‘धरम जी, जन्मदिन मुबारक हो मेरे प्यारे दिल। तुम्हारे जाने के बाद मुझे टूटे हुए दो हफ्ते से ज्यादा हो गए हैं, मैं धीरे-धीरे टुकड़ों को इकट्ठा कर रही हूं और अपनी जिंदगी को फिर से बनाने की कोशिश कर रही हूं, यह जानते हुए कि तुम हमेशा मेरे साथ रहोगे। हमारी जिंदगी की खुशी भरी यादें कभी मिट नहीं सकतीं और उन पलों को फिर से जीने से मुझे बहुत सुकून और खुशी मिलती है। मैं भगवान का शुक्रिया अदा करती हूं, हमारे साथ बिताए प्यारे सालों के लिए, हमारी दो खूबसूरत बेटियों के लिए जो एक-दूसरे के लिए हमारे प्यार को पक्का करती हैं और उन सभी खूबसूरत, खुशहाल यादों के लिए जो मेरे दिल में हमेशा रहेंगी।’

हेमा मालिनी ने लिखा, ‘आपके जन्मदिन पर नमन, मेरी प्रार्थना है कि भगवान आपको शांति और खुशी की दौलत दें जिसके आप अपनी विनम्रता, दिल की अच्छाई और इंसानियत के लिए प्यार की वजह से हकदार हैं। जन्मदिन मुबारक हो प्यारे प्यार। हमारे खुशी के ‘साथ’ बिताए पल।’

हेमा मालिनी ने इसके साथ दो खूबसूरत तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों में धर्मेन्द्र और हेमा दोनों खुश और मुस्कराते नजर आ रहे हैं। पहली तस्वीर में हेमा मालिनी, धर्मेंद्र को मिठाई खिला रही हैं, वहीं दूसरी तस्वीर में दोनों एक साथ पोज देते दिख रहे हैं।

धर्मेन्द्र और हेमा मालिनी की बेटी इशा देओल ने भी सोशल मीडिया पर धर्मेन्द्र के साथ अपनी तस्वीरें शेयर करते हुए बहुत इमोशनल पोस्ट लिखा। ईशा ने लिखा,’ओ मेरे प्यारे पापा, हमारा बॉन्ड, सबसे मजबूत बंधन। हम हमारे सारे जन्मों में, हर लोक में और उससे भी आगे… हम हमेशा साथ हैं पापा। चाहे स्वर्ग हो या धरती। हम हमेशा साथ हैं। अभी के लिए मैंने आपको बहुत ही कोमलता, सावधानी और अनमोल बनाकर अपने दिल में बसा लिया है… इस जीवन में आगे के लिए मेरे साथ चलने के लिए। आई लव यू पापा।

अभिनेता सनी देओल ने भी अपने पिता धर्मेंद्र के साथ एक थ्रोबैक वीडियो शेयर करके उन्हें याद किया है।

Next Post

राज्यसभा ने गोवा अग्निकांड में अपनों को खोने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की

Mon Dec 8 , 2025
नयी दिल्ली, 08 दिसंबर (वार्ता) राज्यसभा ने गोवा के एक नाइट क्लब में आग लगने की घटना में अपने परिजनों को खोने वाले लोगों के प्रति सोमवार को संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की याद में मौन रखा। सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने जरूरी कागजात सदन के पटल पर रखवाने […]

You May Like