इंदौर: मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री से जुड़े मामलों की जांच अब पहले से ज्यादा पुख्ता तरीके से हो सकेगी. पुलिस ने शहर के सभी थानों को नारकोटिक्स ड्रग डिटेक्शन किट उपलब्ध कराई है. इस किट की मदद से पुलिस जब्त किए संदिग्ध पदार्थों की मौके पर ही प्रारंभिक जांच कर सकेगी.पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर शुरू की गई व्यवस्था के तहत सभी जोन में विवेचकों को किट के इस्तेमाल का प्रशिक्षण दिया. फॉरेंसिक और वैज्ञानिक अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को बताया कि किट के जरिए संदिग्ध मादक पदार्थों की जांच किस तरह की जाएगी और जांच के दौरान किन सावधानियों का ध्यान रखना होगा. अब थानों के विवेचक जब्ती के समय ही पदार्थ की प्रारंभिक जांच कर सकेंगे. इससे एनडीपीएस के मामलों में जांच प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है.
पुलिस को मौके पर ही प्रारंभिक पुष्टि करने में मिलेगी मदद
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) आरके सिंह के अनुसार, एनडीपीएस के मामलों में कई बार जब्त पदार्थ की पहचान और जांच के लिए आगे की प्रक्रिया में समय लगता था, लेकिन अब नई किट मिलने से पुलिस को मौके पर ही पदार्थ की प्रारंभिक पुष्टि करने में मदद मिलेगी, साथ ही वैज्ञानिक साक्ष्यों को बेहतर तरीके से जुटाया जा सकेगा. इससे जांच की दिशा तय करने में आसानी होगी. इंदौर पुलिस कमिश्नरेट प्रदेश का पहला जिला है, जहां सभी थानों को नारकोटिक्स ड्रग डिटेक्शन किट उपलब्ध कराई गई है.
